पूंजीगत व्यय में मध्यप्रदेश देश के शीर्ष तीन राज्यों में, 66 हजार 218 करोड़ रुपए का निर्यात
drnewsindia.com/भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पूर्व कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में मध्यप्रदेश ने पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए देश के शीर्ष तीन राज्यों में स्थान प्राप्त किया है। कैग की रिपोर्ट के अनुसार गुजरात 65%, उत्तर प्रदेश 42% और मध्यप्रदेश 41% की वृद्धि के साथ अग्रणी बने हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए मंत्रि-परिषद के साथियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में मध्यप्रदेश ने अब तक का सर्वाधिक 66 हजार 218 करोड़ रुपए का निर्यात किया है, जिसमें 6% की वृद्धि दर्ज हुई है। फार्मास्युटिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और सोया उत्पादों के निर्यात में तेजी इसका मुख्य कारण रही। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय रैंकिंग 15 से सुधरकर 11 हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से हाल ही में नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान उन्हें भोपाल मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ और विशाल किसान सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया गया है। दोनों कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री की संभावित उपस्थिति की उम्मीद जताई गई है।
विकसित भारत रोजगार योजना से युवाओं को मिलेगा लाभ
मंत्रि-परिषद ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू करने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त किया। इस योजना के अंतर्गत निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार रुपए सरकार की ओर से दिए जाएंगे। इससे देशभर में 3 करोड़ 50 लाख युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है, वहीं प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दीपावली पर नई पीढ़ी के लिए जीएसटी सुधार लागू होंगे, जिससे आम उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती होंगी और करों में कमी आएगी।
जिलों की प्रगति पर प्रकाशित होंगी पुस्तकें
स्वतंत्रता दिवस पर हुए नवाचारों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सभी जिलों में एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। साथ ही जिला स्तरीय मुख्य अतिथियों ने विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों की प्रगति पर पुस्तकें प्रकाशित की जाएं और उनका उत्सवपूर्वक विमोचन किया जाए।
यूरिया आपूर्ति और कृषि विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मक्का का रकबा लगभग 5 लाख हेक्टेयर बढ़ने से यूरिया की मांग भी बढ़ी है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 15.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण है, जिसमें से 13.92 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित हो चुका है और 1.68 लाख मीट्रिक टन शेष है। आगामी डेढ़ माह में 5.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त होने की संभावना है।
महाकाल सवारी और स्वदेशी को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष भगवान श्री महाकाल की सवारियों में विशेष नवाचार किए गए। प्रत्येक सवारी अलग-अलग थीम पर निकली, जिनमें जनजातीय अंचलों के कलाकारों की भागीदारी रही। राजसी सवारी के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।
उन्होंने कहा कि रायसेन जिले में बीईएमएल के आधुनिक रेल कोच कारखाने का शिलान्यास और धार जिले में पीएम मित्रा पार्क की स्थापना प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को नई दिशा देने वाले कदम हैं। इससे मध्यप्रदेश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री ‘फार्म टू फॉरेन’ की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगी।