
Drnewsindia/इंदौर। इंदौर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन समेत तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रालामंडल क्षेत्र में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक में जा घुसी।

पुलिस के अनुसार, ग्रे रंग की नेक्सन कार (MP13 ZS 8994) में चार युवक-युवतियां सवार थे। मृतकों की पहचान प्रेरणा बच्चन (26), कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल (25) और मानसंधु (26) के रूप में हुई है। हादसे में अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे, नशे में थे सवार
डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन था। सभी दोस्त कोको फार्म में बर्थडे पार्टी मनाकर इंदौर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी कार सवार शराब के नशे में थे। नशे के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। कार से शराब की बोतल भी बरामद की गई है।
इंदौर के रहने वाले थे चारों दोस्त

चारों कार सवार इंदौर के निवासी बताए गए हैं। प्रेरणा बच्चन स्कीम नंबर 74, नर्मदा भवन क्षेत्र में रहती थीं। उन्होंने मुंबई से एमबीए किया था और वर्तमान में इंदौर में रहकर MPPSC की तैयारी कर रही थीं। प्रखर कासलीवाल तिलक नगर के निवासी थे। मानसंधु भंवरकुआं क्षेत्र के रहने वाले थे, जिनके परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है। घायल अनुष्का राठी रॉयल अमर ग्रीन की निवासी हैं।
ट्रक चालक फरार, पुलिस ने नाकाबंदी कराई
रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास के मार्गों पर नाकाबंदी कराई गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
क्षेत्र में शोक की लहर, नेताओं ने जताया दुख
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक बाला बच्चन परिजनों के साथ एमवाय अस्पताल पहुंचे। प्रेरणा बच्चन की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार गृह गांव कासेल में किया जाएगा, जहां परिजनों और ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष सहित कई कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर बच्चन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।



