उज्जैन के तराना में फिर भड़की हिंसा, भीड़ ने घरों पर किया पथराव, बस में लगाई आग

0
17

drnewsindia/उज्जैन/तराना।
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। सोहेल ठाकुर पर हुए हमले के बाद गुरुवार शाम शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक रूप में बदल गया। उपद्रवियों ने कई घरों पर पथराव किया और एक बस में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच विवाद के बाद भीड़ उग्र हो गई। हालात बेकाबू होते ही उपद्रवियों ने सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तराना कस्बे में 300 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। उपद्रव और आगजनी में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here