एमपी बोर्ड परीक्षा 2026: 101 केंद्रों के लिए थानों में पहुंचाई जा रही गोपनीय सामग्री

0
10

drnewsindia

सीहोर।माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से गोपनीय सामग्री के वितरण का कार्य कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जा रहा है।

जिले के कुल 101 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न-पत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षित रखवाई जा रही है। शुक्रवार को पहले चरण में 53 परीक्षा केंद्रों के लिए सामग्री का वितरण किया गया, जबकि शनिवार को शेष 48 केंद्रों के लिए सामग्री रवाना की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्देशन में शुक्रवार सुबह से ही सामग्री वितरण का कार्य प्रारंभ हुआ। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सामग्री को वाहनों के माध्यम से कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित थानों तक पहुंचाया गया। यह प्रक्रिया देर रात तक चली और अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में लगभग रात 8 बजे तक वितरण कार्य संपन्न हुआ।

जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि “10 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। शुक्रवार तक 53 केंद्रों के लिए सामग्री सुरक्षित रूप से पहुंचा दी गई है, जबकि आज शेष केंद्रों का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।”

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी संकलन केंद्र अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पुलिस थानों में गोपनीय सामग्री जमा कराने के बाद उसकी पावती अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। थानों में प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा के दिन केंद्र अध्यक्ष एवं सहायक केंद्र अध्यक्ष की मौजूदगी में ही प्रश्न-पत्रों के बॉक्स थानों से बाहर निकाले जाएंगे।

इस प्रकार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले प्रश्न-पत्र पहुंचाकर बोर्ड परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष आयोजन की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here