दोराहा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दोराहा कस्बे में पाल वाले हनुमान जी का वार्षिक जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उत्सव की शुरुआत सोमवार को परंपरागत विशाल कलश यात्रा के साथ हुई।
कलश यात्रा सिकंदरगंज स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई पाल वाले हनुमान मंदिर स्थित कथा स्थल पहुंची। कलश यात्रा के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाली संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
कथा वाचन वृंदावन से पधारे राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित कथावाचक बालसंत श्री कौमेश कृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा का रसपान किया।
हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन समस्त दोराहा वासियों के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का आयोजन होगा।
उत्सव का समापन 27 जनवरी मंगलवार को चल समारोह, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। कथा और धार्मिक आयोजनों में क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।




