भोपाल / कलेक्शन एजेंट से लूट करने वाले 7 आरोपी 19 तक रिमांड पर, 24 लाख रुपए बरामद
पत्रकार कॉलोनी के पास 06 जून की शाम मुंबई की कुरियर कंपनी के दो कलेक्शन एजेंट विजय ठाकुर और यश पटेल को घायल कर 24 लाख रुपए की लूट के मामले में टीटी नगर पुलिस सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी 19 जून तक पुलिस रिमांड पर हैं।
मास्टर माइंड 22 वर्षीय रेहान खान और शाहरूख खान ने रैकी करने के बाद कलेक्शन एजेंट से लूट की वारदात की थी। रेहान ने कुछ महीने पहले भी श्यामला हिल्स में एक कलेक्शन एजेंट से लूट की थी। दोनों ही वारदात में रेहान ने अलग-अलग साथियों के साथ मिलकर की थी। जमानत पर रिहा होने के बाद रेहान ने 06 जून को दोबारा लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 24 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं।
स्कूटर भी लूटकर ले गए थे बदमाश
मूलतः ग्राम कंबोई चाड़ासवा, पाटन (गुजरात) निवासी 22 वर्षीय विजय ठाकुर पिछले एक साल से मालाड, मुंबई की फर्म के. पटेल इंटर कुरियर सर्विस के लिए भोपाल में कलेक्शन एजेंट का काम करता है। विजय दीपक सोसायटी, चूना भट्टी में साथी कर्मचारी यश पटेल के साथ रहता है। विजय और यश 06 जून की शाम कलेक्शन करके हमीदिया रोड से लौट रहे थे कोलार गेस्ट हाउस तिराहे सिग्नल से पहले पत्रकार कॉलोनी के पास सात-आठ बदमाशों ने उन्हें घायल करके कलेक्शन के 24 लाख रुपए लूट लिए थे। बदमाश उनकी स्कूटर भी लूटकर ले गए। पुलिस ने विजय द्वारा बताए गए बाइक नंबर के आधार पर अटल अयूब नगर छोला मंदिर निवासी दानिश मिर्जा, गरम गड्डम बजरिया निवासी अरबाज खान उर्फ भैय्यू, नवाब कॉलोनी निवासी शाहरुख खान, आरिफ नगर निवासी फरदीन खान, जैद खान, कल्याण नगर ऐशबाग निवासी रेहान खान और आरिफ नगर निवासी समीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास करीब 24 लाख रुपए बरामद किए हैं। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों की 19 तक की रिमांड मांगी है।