कांग्रेस ने MP को गड्ढों में डाला, भरपाई असंभव: ग्वालियर पहुंचे सिंधिया

0
28
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अभ्युदय समिट में शामिल होने ग्वालियर पहुंचे हैं।

बोले– एमपी में आया ऐतिहासिक बदलाव, निवेश अब जमीन पर उतरेगा

Drnewsindia.comग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को एमपी अभ्युदय समिट में शामिल होने ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक मध्य प्रदेश को गड्ढों में डाल दिया, जिसकी भरपाई वह जीवनभर भी नहीं कर सकती।

अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन

इस अवसर पर सिंधिया ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए उन्हें कुशल राजनीतिज्ञ और राष्ट्रवादी विचारधारा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी के कण-कण में देश के प्रति समर्पण था। सिंधिया ने कहा कि वे अटल जी और अपनी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित हैं।

ग्वालियर की सड़कों पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार

ग्वालियर में खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने कहा कि जिन लोगों ने सालों तक प्रदेश को बदहाली में धकेला, आज वही सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मध्य प्रदेश की स्थिति 20–25 साल पहले जैसी नहीं रही, बल्कि जमीन-आसमान का फर्क आ चुका है।

एमपी में हुआ ऐतिहासिक और क्रांतिकारी परिवर्तन

सिंधिया ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बदलाव आया है। यह परिवर्तन न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश की विकास यात्रा में भी अहम योगदान दे रहा है।

2000 करोड़ से अधिक निवेश की घोषणा

एमपी अभ्युदय समिट को लेकर सिंधिया ने कहा कि 2000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि धरातल पर उतरेंगी।
उन्होंने कहा, “यह नया मध्य प्रदेश है, जो किसानों, युवाओं और आम जनता के लिए विकास और प्रगति के नए अवसर लेकर आ रहा है।”

पीएम के आशीर्वाद से संभव हुआ ग्वालियर एयरपोर्ट

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद के बिना ग्वालियर एयरपोर्ट का निर्माण संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि सड़कों के सुधार का कार्य भी लगातार जारी है और पहली बार पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं।

ग्वालियर को नया रूप देने का संकल्प

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे और मुख्यमंत्री मोहन यादव मिलकर ग्वालियर को नया रूप देने के लिए संकल्पित हैं।
आईएसबीटी से बसों के संचालन में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि जनता को हो रही परेशानियों को जल्द दूर किया जाएगा। अप्रैल में ग्वालियर को पीएम ई-बसों की सौगात मिलेगी।

25–30 साल के विकास को ध्यान में रखकर बना आईएसबीटी

सिंधिया ने बताया कि आईएसबीटी को अगले 25–30 वर्षों के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वहां तक पहुंचने के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।

व्यापार मेले का उद्घाटन करेंगे अमित शाह

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेले का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं, धूप सेक रहे 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले पर उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here