Drnewsindia/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक और भविष्य की नींव रखने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट नारीशक्ति के सशक्तिकरण, युवाओं के सपनों और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देता है। प्रधानमंत्री ने लगातार नौवीं बार बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए इसे अवसरों का राजमार्ग करार दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई ऊर्जा और गति देगा। ट्रस्ट-बेस्ड गवर्नेंस, ह्यूमन-सेंट्रिक अर्थव्यवस्था, फिस्कल डेफिसिट में कमी, महंगाई नियंत्रण के साथ-साथ हाई कैपेक्स और हाई ग्रोथ का संतुलन इस बजट की बड़ी विशेषता है।
उन्होंने कहा कि भारत अब केवल सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत को ट्रस्टेड डेमोक्रेटिक पार्टनर और ट्रस्टेड क्वालिटी सप्लायर के रूप में मजबूत करने वाले कदमों को भी रेखांकित किया।
मेक इन इंडिया और MSMEs को नई रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि बजट में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को नई गति देने के लिए स्पष्ट रोडमैप पेश किया गया है। बायोफार्मा मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ कॉरिडोर और टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने जैसी योजनाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। MSMEs को मिले समर्थन से छोटे और कुटीर उद्योगों को लोकल से ग्लोबल बनने की ताकत मिलेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर, युवा और रोजगार पर जोर
प्रधानमंत्री ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वाटरवेज विस्तार, हाई-स्पीड रेल, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास तथा म्युनिसिपल बॉन्ड्स को बढ़ावा देने को विकसित भारत की यात्रा को तेज करने वाला बताया। उन्होंने इसे युवा शक्ति बजट करार देते हुए कहा कि इससे रोजगार सृजन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। मेडिकल हब्स, ऑडियो-विजुअल और गेमिंग सेक्टर, पर्यटन, खेलो इंडिया और डेटा सेंटर हब से जुड़े फैसलों से युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
महिला, किसान और ग्रामीण भारत पर फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि 10 करोड़ से अधिक महिलाओं से जुड़े सेल्फ हेल्प ग्रुप्स को मजबूत करने, छात्राओं के लिए नए हॉस्टल, किसानों के लिए एग्री-एआई टूल्स, फिशरीज, डेयरी और पशुपालन को बढ़ावा देने जैसे कदम ग्रामीण और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देंगे।
अंत में प्रधानमंत्री ने इसे संवेदनशील, महत्वाकांक्षी और समावेशी बजट बताते हुए वित्त मंत्री और उनकी टीम को बधाई दी।




