खंडवा, 27 दिसंबर 2025: गुजरात पुलिस खंडवा में साक्ष्य जुटाने आई थी, तभी नाबालिग से दुष्कर्म व अपहरण के आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ सोनू उर्फ दीपू ने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने होटल के शौचालय की खिड़की का कांच तोड़कर भागने की घटना ने होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित त्रिमूर्ति होटल में हुई। आरोपी पुष्पेंद्र, पुत्र शिवरामसिंह गुर्जर, निवासी बाड़ीगांव, जिला धौलपुर (राजस्थान), गुजरात के सूरत जिले के पुनागांव थाना का आरोपित है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए खंडवा लाया गया था। होटल के कमरे नंबर 106 में रुके आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर शौचालय जाने की अनुमति मांगी। उसके दोनों हाथों में हथकड़ी लगी थी। पुलिस ने एक हाथ की हथकड़ी खोल दी थी, जबकि दूसरा हाथ हथकड़ी सहित खुला रहा। इसी दौरान आरोपी ने शौचालय में लगे खिड़की का कांच तोड़कर फरार हो गया।
होटल में और आसपास के क्षेत्र में आरोपी के फरार होने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे इलाके में जांच-पड़ताल जारी है।




