डीआर न्यूज इंदिया डॉट कॉम/मप्र में भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद अब निगम-मंडल, बोर्ड, आयोग और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। अब इन पदों को भरने की तैयारी जल्द शुरू हो सकती हैं। पिछले कुछ महीनों से ये पद खाली हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव से पहले 45 निगम-मंडलों और बोर्डों में की गई पिछली नियुक्तियों को निरस्त कर दिया था। इसके बाद से इन संस्थाओं में किसी की भी नियुक्ति नहीं हुई थी। इन पदों पर नियुक्तियों से न सिर्फ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी, बल्कि सरकार को भी प्रशासनिक स्तर पर लाभ होगा।
प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के बाद अब कई नेता भोपाल में सक्रिय हो गए हैं। खास तौर पर वे नेता, जो विधानसभा या लोकसभा चुनाव में टिकट से वंचित रह गए थे या जो हाल ही में कांग्रेस छोडकऱ भाजपा में शामिल हुए हैं, खुद को इन पदों के लिए उचित दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। साथ ही संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई नाम चर्चा में बने हुए है। जिनमें भाजपा के नए विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, साल 2023 में विधानसभा चुनाव हारे कद्दावर नेता और मंत्री, लोकसभा में जिन्हें सांसद का टिकट नहीं दिया गया, या फिर जिनका टिकट काट दिया गया ऐसे नेताओं को निगम मंडलों में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए कद्दावर नेताओं को भी मंडलों में शामिल किया जा सकता है।
क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन पर फोकस
ऐसा माना जा रहा है कि सरकार इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाने पर ध्यान देगी, ताकि सभी वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिल सके। इससे आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों में लाभ मिल सके। सूत्रों की मानें तो राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर जल्द ही सरकार और संगठन में विचार-विमर्श शुरू हो सकता है। लोकसभा चुनाव के बाद सरकार ने कुछ नियुक्तियां भी की पर अधिकांश प्रमुख निगम मंडल और बोर्ड अब भी खाली है। चुनाव के बाद राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संगठन नेताओं के साथ बैठक भी हुई पर इसी बीच भाजपा के केन्द्रीय संगठन ने संगठनात्मक चुनाव की तैयारी शुरू की कर दी और इसका पहला चरण सदस्यता अभियान के साथ शुरू हुआ। सदस्यता अभियान पूरा होते ही संगठनात्मक चुनाव का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब छह महीने से अधिक का समय बीत गया। फिर नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर शुरू होने वाली निर्वाचन प्रक्रिया भी किसी न किसी कारण से टलती रही। अब प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन हो चुका है। नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एक-दो दिनों में दिल्ली जाने वाले हैं। जहां वे केन्द्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। यहां वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद इस मामले में कोई फैसला हो सकता है।
डेढ़ साल से खाली पड़े हैं पद
प्रदेश में पिछले डेढ़ साल से खाली पड़े निगम मंडल, बोर्ड और प्राधिकरणों में अब नियुक्तियों को लेकर फिर कयास लगाए जाने लगे हैं। नए अध्यक्ष की ताजपोशी होते ही दावेदारों ने अपने अपने राजनीतिक समीकरण बैठाने शुरू कर दिए हैं। दरअसल दावेदारों को संगठन की ओर से पूर्व में यह संकेत दिए गए थे कि संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया निपटने के बाद निगम, मंडल समेत संस्थाओं में राजनीतिक नियुक्तियों पर विचार किया जाएगा। संगठन सूत्रों की माने तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेश लौटने के एक दो दिन बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद राजनीतिक नियुक्तियों पर विचार हो सकता है। इन नियुक्तियों से सरकार को प्रशासनिक मजबूती और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रियता मिलने की उम्मीद है। प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के बाद अब कई नेता भोपाल में सक्रिय हो गए हैं। खास तौर पर वे नेता, जो विधानसभा या लोकसभा चुनाव में टिकट से वंचित रह गए थे या जो हाल ही में कांग्रेस छोडकऱ भाजपा में शामिल हुए हैं, खुद को इन पदों के लिए उचित दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। साथ ही संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। करीब छह महीने पूर्व राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सीएम हाऊस में संगठन नेताओं की बैठक हो चुकी है। इसमें तय किया गया था कि नियुक्तियों के लिए जिलों की कोर कमेटी से भी नाम मांगे जाएंगे। माना जा रहा है कि अब जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा हेमंत खंडेलवाल को भी अपनी नई टीम चुननी है। इसमें भी उन नेताओं को एडजस्ट किया जाएगा जिन्हें अच्छे काम के बाद भी बेहतर अवसर नहीं मिल रहे हैं। खंडेलवाल की टीम का ऐलान भी इसी महीने के अंत तक होने की उम्मीद है।
दावेदारों की बढ़ेगी सक्रियता
निगम, मंडल, बोर्ड और प्राधिकरणों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने के लिए भाजपा के दावेदार नेताओं की अब सक्रियता बढ़ेगी। दरअसल, पार्टी कार्यकर्ताओं को उपकृत करने के लिए निगम मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां की जाती है। नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन न होने के कारण यह नियुक्तियां टलती गईं। अब हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। ऐसे में निगम-मंडलों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष की नियुक्तियां भी जल्द शुरू की जाएंगी। वर्ष 2020 में विष्णुदत्त शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मध्य प्रदेश भाजपा में सात मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी बनाई गई थी। इनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। अब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मप्र में पार्टी संगठन को नया स्वरूप देंगे। वह नए सिरे से मोर्चा व प्रकोष्ठों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की नियुक्तियां कर जिम्मेदारी देंगे।