गुजरात में BJP से जीतना आसान नहीं होता…उपचुनाव में जीत के बाद पंजाब से राज्यसभा जाने पर बोले केजरीवाल

0
6
केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना

 
नई दिल्ली / देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए गए हैं। इन नतीजों में इंडिया गठबंधन ने चार सीटों पर विजय प्राप्त की है, जबकि भाजपा ने गुजरात की एक महत्वपूर्ण सीट पर जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत पर आप नेता अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को नकार दिया है।

केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह जीत यह दिखाती है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कार्यों से बहुत खुश हैं और उन्होंने 2022 से भी अधिक वोट दिए हैं। गुजरात की जनता अब भाजपा से थक चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में एक नई उम्मीद दिखाई दे रही है। दोनों जगह कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था, और उनका एकमात्र लक्ष्य था- ‘आप’ को हराना। लेकिन लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।”

केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना

एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा “गुजरात में बीजेपी सत्ता, पैसा, प्रशासन और हर तिकड़म का इस्तेमाल करके चुनाव लड़ती है – ऐसे में उनसे जीतना आसान नहीं होता, लेकिन विसावदर में आम आदमी पार्टी की डबल मार्जिन से जीत बताती है कि अब जनता बीजेपी के 30 साल के कुशासन से तंग आ चुकी है। गुजरात अब बदलाव की राह पर है।”

अब जानिए क्या रहा दोनों राज्यों का चुनाव परिणाम?

दरअसल, गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट और पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने चुनाव में जीत दर्ज की है। जबकि गुजरात की कडी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा जीते। इसके अलावा कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस को भी अन्य राज्यों में एक-एक सीट पर जीत मिली है। गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने 17,581 वोटों के अंतर से भाजपा के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी किरीट पटेल को हराकर विजय प्राप्त की। इटालिया को 75,942 वोट मिले, जबकि पटेल को 58,388 वोट मिले।

वहीं, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु के खिलाफ कड़े चुनावी मुकाबले में 10,637 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। अरोड़ा को 35,179 वोट मिले, जबकि आशु को 24,542 वोट प्राप्त हुए। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले, जबकि शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के उम्मीदवार परुपकर सिंह घुमन को 8,203 वोट मिले।

…तो केजरीवाल पंजाब से जाएंगे राज्यसभा?

पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर AAP प्रत्याशी संजीव अरोड़ा को जीत मिलने के साथ ही अरविंद केजरीवाल का राज्यसभा जाने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि अभी तक इसपर पार्टी की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाले संजीव अरोड़ा फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। अगर संजीव अरोड़ा विधायकी ग्रहण करते हैं तो राज्यसभा सीट खाली हो जाएगी। ऐसे में AAP अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेज सकती है।

दूसरी ओर पंजाब से राज्यसभा जाने के सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने पार्टी को निर्णय लेने का अधिकारी बताया। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यह पूछे जाने पर कि ‘क्या लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जीत के बाद वे राज्यसभा जाएंगे? इसपर अरविंद केजरीवाल ने कहा “मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन राज्यसभा जाएगा”

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने AAP-BJP पर साधा निशाना

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में AAP की जीत पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा, “ऐसे नतीजे आते रहते हैं, उपचुनाव होते हैं। AAP ने पैसे और बाहुबल से चुनाव जीते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत काम किया, कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन हमें समीक्षा करने की जरूरत है जो हम आने वाले दिनों में करेंगे। 2027 में हम बताएंगे कि फाइनल क्या है और सेमीफाइनल क्या है, आम आदमी पार्टी के लोग जानते हैं कि वे कैसे जीते हैं, हमें उन्हें बताने की जरूरत नहीं है। नैतिकता के आधार पर भाजपा हारी है। आज पंजाब के लोगों ने मुहर लगा दी है कि पंजाब में भाजपा स्वीकार्य नहीं है।”

गुजरात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी को भेजा इस्तीफा

दूसरी ओर गुजरात में कांग्रेस के चुनाव हारने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा “मैं कांग्रेस पार्टी के आलाकमान का दिल से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने संगठन सृजन अभियान का पायलट प्रोजेक्ट गुजरात में दिया। आज दो उपचुनावों के नजीते आए हैं। जहां हम पिछले 30 सालों से सत्ता में नहीं हैं। वहां हमारे कार्यकर्ताओं ने बब्बर शेर की तरह चुनाव लड़ा, लेकिन नतीजे बहुत बुरे आए। ऐसे में मैं प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं। इसी के चलते मैंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here