चरनाल में शोभायात्रा के साथ हिन्दू सम्मेलन का झंडा पूजन

0
34

Drnewsindia/चरनाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर 18 जनवरी को चरनाल में आयोजित होने वाले विशाल हिन्दू सम्मेलन की तैयारियों के तहत कार्यक्रम स्थल पर धार्मिक विधि-विधान के साथ झंडा पूजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में सनातनी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

झंडा पूजन से पहले श्री राम मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्री राम मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर पहुंची। शोभायात्रा में भगवा ध्वज, ढोल-नगाड़े और जयघोष के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद विधिवत मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ झंडा पूजन किया गया। पूजन के दौरान उपस्थित लोगों ने आगामी हिन्दू सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए भगवान से मंगलकामना की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि 18 जनवरी को होने वाला विशाल हिन्दू सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रभक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से लोगों के पहुंचने की संभावना है।

झंडा पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के संत, समाजसेवी, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन समिति ने सभी ग्रामीणों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here