जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आरंभ

0
4

drnewsindia.com

सीहोर, 24 फरवरी, 2026

            जनगणना निदेशालय भोपाल के निर्देशानुसार सीहोर जिला मुख्यालय में जनगणना -2027 अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के संबंध में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। आगामी एक मई से 30 मई की अवधि में जनगणना की निर्धारित प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। राज्य स्तर से नियुक्त जिला प्रभारी एवं प्रशिक्षक यशस्वी जायसवाल, परिधि भाटी तथा अशोक चौबे द्वारा अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी ग्रामीण तथा नगरीय चार्ज अधिकारी एवं जनगणना लिपिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

            प्रशिक्षण में जनगणना की समस्त प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण,  मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 1 मई से 30 मई 2026 तक की जायेगी। इस चरण में सभी  भवनों, जनगणना मकानों एवं परिवारों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध किया जाएगा तथा आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी संकलित की जाएगी। यह चरण द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।

            जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना Self&Enumeration की सुविधा भी प्रदान की गई है। नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे एक विशिष्ट SE ID जनरेट होगी। हालांकि, प्रत्येक घर का प्रगणक द्वारा भौतिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। स्व-गणना सुविधा पूरक है और यह फील्ड सत्यापन का विकल्प नहीं है।

            जनगणना-2027 के सफल संचालन हेतु प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका निर्धारित की गई है। प्रगणक प्रशिक्षण प्राप्त कर HLO मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने आवंटित क्षेत्र के प्रत्येक भवन एवं परिवार का घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। वे मकान सूचीकरण ब्लॉक का लेआउट तैयार करेंगे, आवश्यक होने पर भवनों की क्रमांक अंकित करेंगे तथा स्व-गणना SE करने वाले परिवारों की SE ID  का भौतिक सत्यापन कर त्रुटिरहित डेटा संकलित एवं समय-समय पर सिंक करेंगे। पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

            पर्यवेक्षक प्रगणकों के कार्य की निगरानी करेंगे तथा ब्लॉक सीमाओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। वे डेटा की गुणवत्ता की जांच, स्पॉट निरीक्षण, त्रुटियों पर टिप्पणी एवं सुधार सुनिश्चित करेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी ब्लॉक में ओवरलैप या अंतराल न रहे और कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो।

            चार्ज अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं ब्लॉक गठन की जिम्मेदारी निभाएंगे। वे CMM पोर्टल के माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी करना, कार्य आवंटन, प्रगति की समीक्षा एवं फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही त्रुटियों को चिन्हित कर पुनः सत्यापन कराना तथा प्रत्येक ब्लॉक का पूर्ण एवं त्रुटिरहित कवरेज सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

            प्रशिक्षण में संयुक्त कलेक्टर एवं जनगणना के प्रभारी अधिकारी श्री जीमल खान, एसडीएम श्री नितिन टाले, श्री दिनेश सिंह तोमर, श्री तन्मय वर्मा, श्री धीरेन्द्र कुशवाह, श्रीमती स्वाति मिश्रा, जिला योजना अधिकारी श्री संजय लक्केवार सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here