drnewsindia/राजगढ़ |
राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय सभी की नजरें एक व्यक्ति पर टिक गईं, जब वह गले में शिकायती आवेदनों की माला पहनकर वहां पहुंचा। यह अनोखा विरोध कानरखेड़ी निवासी तंवरसिंह तंवर का था, जिसने वर्षों से अवैध खनन के खिलाफ की जा रही अनसुनी शिकायतों को इस अनोखे तरीके से सामने रखा।
पार्वती नदी किनारे खुलेआम अवैध खनन
तंवरसिंह ने आरोप लगाया कि सुठालिया थाना क्षेत्र के शेकनपुर गांव के पास पार्वती नदी के लगभग 50 बीघा क्षेत्र में खुलेआम अवैध खनन हो रहा है। उनके मुताबिक मौके पर दो पोकलेन मशीनें लगी हुई हैं, जिनसे नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है। उन्होंने ज्ञानसिंह सीलखेड़ा, विक्रम और सोनू यादव सहित अन्य लोगों पर अवैध खनन कराने का आरोप लगाया।
“पीछा कर जान लेने की कोशिश हुई”
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने खनन का विरोध किया और इसकी सूचना देने की कोशिश की, तो खनन से जुड़े लोगों ने उनकी गाड़ी का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। उनके अनुसार यह जान से मारने का प्रयास था, जिससे वह किसी तरह बचकर निकल पाए।
कई बार की शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
तंवरसिंह ने कहा कि उन्होंने इससे पहले भी कई बार अलग-अलग विभागों, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन हर बार मामला फाइलों में ही दबकर रह गया। इसी उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने अपने सभी पुराने आवेदनों की माला बनाकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की।
प्रशासन ने दिया जांच का भरोसा
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता पूर्व में भी 100 से अधिक आवेदन विभिन्न मंचों पर दे चुका है। इसके बावजूद मामले को गंभीर मानते हुए शिकायत की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।




