जांजगीर-चांपा में विधायक सहित 12 गिरफ्तार: सड़क निर्माण को लेकर 7 महीने पहले हुए चक्काजाम का मामला, सभी मुचलके पर रिहा

0
7

जांजगीर-चांपा | जिले में सड़क की बदहाली को लेकर वर्ष 2024 में हुए चक्काजाम प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विधायक व्यास कश्यप सहित 12 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया। हालांकि मामला जमानती होने के कारण सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार यह मामला 30 जून 2024 का है, जब जर्वे-पीथमपुर मार्ग की जर्जर स्थिति सुधारने की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने करीब 6 घंटे तक जांजगीर-चांपा मार्ग पर चक्काजाम किया था। इस दौरान एक एम्बुलेंस के रास्ता जाम में फंसने और अस्पताल पहुंचने में देरी होने का आरोप भी सामने आया था। एम्बुलेंस चालक की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज किया गया था।

पुलिस ने उसी मामले में विधायक व्यास कश्यप सहित 12 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 126(2) के तहत केस दर्ज किया। हाल ही में कोतवाली पुलिस के हवलदार राकेश तिवारी ने सभी आरोपियों को उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया, जिसके बाद उन्हें तुरंत जमानत पर रिहा कर दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि वे जनता के अधिकारों की लड़ाई में किसी भी गिरफ्तारी से डरने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि जांजगीर-पीथमपुर सड़क और नैला ओवरब्रिज सहित कई सड़क परियोजनाएं अब भी मंत्रालय में लंबित हैं, जबकि पहले प्रशासन ने निर्धारित समय में काम कराने का लिखित आश्वासन दिया था।

विधायक ने दोहराया कि वे जनता के साथ खड़े हैं और सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उनके मुताबिक, गिरफ्तारियों से कोई फर्क नहीं पड़ता और वे क्षेत्र की जनता को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here