अशोकनगर / के एक निजी स्कूल में मंगलवार को इंग्लिश टीचर ने डंडे से 12वीं के छात्र का सिर फोड़ दिया। पिटाई से उसके सिर से खून बहने लगा। स्कूल के दूसरे शिक्षकों ने उसे फौरन जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शिक्षक पर केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद शिक्षक को हटा दिया गया है।
पीड़ित छात्र आदित्य जैन ने बताया कि वह नगर के वर्धमान स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ता है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वह क्लास में अपने साथी छात्र से अंग्रेजी के डाउट्स क्लियर कर रहा था। इसी दौरान इंग्लिश टीचर गोविंद श्रीवास्तव आए।
नाम पूछा और टीचर ने पीटना शुरू कर दिया
गोविंद श्रीवास्तव ने छात्र से परिचय पूछा और जानकारी मिलने के बाद बेवजह बात करने का आरोप लगाते हुए डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पहले उसे पैर में मारा, इसके बाद हाथ और सिर में डंडे से मारा, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा।
रोते हुए नहीं मारने की गुहार लगाता रहा
क्लास के अन्य छात्रों ने बताया कि इस दौरान आदित्य टीचर गोविंद श्रीवास्तव से रोते हुए नहीं मारने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उन्होंने उसकी एक नहीं सुनी। सिर से खून निकलने के बाद सहपाठी और अन्य शिक्षक उसे प्रिंसिपल ऑफिस तक ले गए।
आरोपी शिक्षक फरार, छात्र का इलाज जारी
इसके बाद छात्रों ने पेरेंट्स को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित के पिता जैन समाज के लोगों के साथ स्कूल पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रिंसिपल देवेंद्र माथुर से भी घटना की शिकायत की और फिर थाने में केस दर्ज कराया। घटना के बाद से ही आरोपी टीचर फरार है, वहीं छात्र का इलाज जारी है।
प्रिंसिपल बोले- आरोपी टीचर को सस्पेंड किया
स्कूल के प्रिंसिपल देवेंद्र माथुर ने बताया कि इंग्लिश विषय के टीचर गोविंद श्रीवास्तव कक्षा में पढ़ा रहे थे। पीछे बैठे छात्रों की ओर से की गई टिप्पणी पर टोकने के दौरान श्रीवास्तव ने गुस्से में पास पड़े डंडे से छात्र की पिटाई कर दी, जिससे उसे चोट लगी और खून निकल आया।
प्रिंसिपल ने कहा कि स्कूल में किसी भी छात्र को पीटने की अनुमति नहीं है। छात्र को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पिता के आने तक अस्पताल जाने से मना कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

चाचा बोले- खून के निशान मिटाने में लगे रहे कर्मचारी
पीड़ित के चाचा विजय जैन ने शिक्षक के व्यवहार को बर्बरतापूर्ण बताया है। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भतीजे आदित्य को स्कूल में पीटा गया है। स्कूल के छात्रों द्वारा आदित्य को अस्पताल लाया गया, जहां इलाज से पहले थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही गई।
विजय जैन ने आरोप लगाया कि एक अन्य शिक्षक ने छात्रों को रोका और आदित्य को बाहर ले गया, जबकि कुछ लोग स्कूल में गिरे खून के निशान मिटाने में लगे रहे।
एबीवीपी ने की टीचर पर सख्त कार्रवाई की मांग
स्कूल में छात्र से मारपीट की घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। एबीवीपी के जिला संयोजक अमन रघुवंशी ने बताया कि पीड़ित छात्र के सिर पर चार से पांच टांके लगे हैं। हम शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




