सीहोर / के अमलाह टोल प्लाजा पर टोल न देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक काली स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक बिना टोल दिए आगे बढ़ने लगे। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो विवाद शुरू हो गया। अमलाह पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। स्कॉर्पियो सवार युवक भी वहां से चले गए।
लेकिन एक घंटे बाद युवक लाठी-डंडों से लैस होकर 4-5 गाड़ियों में वापस लौटे। उन्होंने टोल कर्मचारियों से गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस बल पहुंचा तो हमलावर फिरसे भाग गए। पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पाई। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
एक कर्मचारी घायल
हमले में टोल कर्मचारी नीरज कुमार को चोटें आईं। पुलिस ने उनका मेडिकल कराया है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वीडियो दो दिन पुराना- पुलिस
आष्टा थाना प्रभारी के अनुसार, वायरल हो रहा वीडियो दो दिन पुराना है। पुलिस 4-5 अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।