राज्यपाल ने बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय के डिजिटल डिग्री वेरिफिकेशन पोर्टल का किया शुभारंभDR News India भोपाल।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय का डिजिटल डिग्री वेरिफिकेशन पोर्टल उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे विद्यार्थी हित में की गई सार्थक पहल बताते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार से अब डिग्री वेरीफिकेशन की जटिल प्रक्रिया काफी सरल और सुरक्षित हो जाएगी।
विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
राज्यपाल ने कहा कि पोर्टल से
- वेरीफिकेशन की लंबी प्रक्रिया
- दस्तावेज़ों की फिजिकल जांच
- और समय की बर्बादी
से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। रोजगार, प्लेसमेंट और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं अब तेज़, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से पूरी हो सकेंगी।
राज्यपाल ने किया लाइव परीक्षण
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से डिग्री वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को समझा और रेंडम परीक्षण किया। उन्होंने पोर्टल को सफलतापूर्वक तैयार करने और लागू करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई दी।
राजभवन में हुआ शुभारंभ
राज्यपाल श्री पटेल ने गुरुवार को राजभवन, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में पोर्टल का वन-क्लिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, विश्वविद्यालय के कुलगुरु सुरेश कुमार जैन, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, कुलसचिव अनिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




