Drnewsindia.com
9:16 AM: CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर; एकतरफा प्यार और वेलेंटाइन वीक में प्रपोजल ठुकराने का शक
तरनतारन (पंजाब) | 09 फरवरी, 2026
पंजाब के तरनतारन स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक छात्र ने क्लासरूम के भीतर अपनी ही सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी छात्र ने खुद के सिर में भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मामला एकतरफा प्यार का लग रहा है।

CCTV में कैद 9:16 बजे की पूरी वारदात
कॉलेज के क्लासरूम से सामने आए फुटेज ने सबको दहला दिया है:
- सामान्य माहौल: सुबह 9:16 बजे क्लास शुरू होने वाली थी, छात्र आपस में बात कर रहे थे।
- अचानक हमला: पिछली बेंच पर बैठी संदीप कौर (20) के पास आरोपी प्रिंसराज सिंह आता है। कुछ देर बातचीत के बाद प्रिंसराज बैग से पिस्टल निकालता है और छात्रा के सिर पर सटाकर (Point Blank Range) गोली चला देता है।
- आत्महत्या: इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, प्रिंसराज ने पिस्टल दोबारा लोड की और खुद को भी शूट कर लिया।
मौत की वजह: प्रपोजल और सगाई का विवाद?
पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप कौर की सगाई हो चुकी थी, जिससे प्रिंसराज नाराज था। शक है कि 8 फरवरी (वेलेंटाइन वीक) को आरोपी ने उसे प्रपोज किया था, जिसे संदीप ने ठुकरा दिया था। इसी गुस्से में उसने हत्या और आत्महत्या का रास्ता चुना।
बिलखती मां का आरोप: “झूठ बोलकर बुलाया गया”
मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं:
“टीचर का फोन आया कि बेटी को मामूली चोट लगी है, जल्दी आओ। जब यहाँ पहुँची तो देखा कि मेरी मासूम बेटी खून से लथपथ मृत पड़ी थी। हमें उसकी लाश के पास भी नहीं जाने दिया गया।” संदीप के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह 6 बहनों और एक भाई के परिवार का सहारा थी।
कॉलेज सिक्योरिटी पर उठे सवाल
हादसे के बाद कॉलेज पहुंचे अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना है कि अगर गेट पर सिक्योरिटी चेक होता, तो छात्र हथियार लेकर क्लास तक कैसे पहुँचा?
- हथियार की जांच: एसीपी जगबीर ने बताया कि पिस्टल की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार आरोपी के पिता का लाइसेंसी पिस्टल है या कोई अवैध हथियार। फिलहाल कॉलेज को सील कर दिया गया है।




