दमोह में दर्दनाक हादसा: झोपड़ी में लगी आग से चार माह के मासूम की जिंदा जलकर मौत

0
32
दमोह चूल्हे की आग से झोपड़ी जली, चार माह का मासूम जिंदा जला

Drnewsindia.com/दमोह।
दमोह जिले के गांव बांसातारखेड़ा के चिथरयाऊ टोला में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण झोपड़ी में आग लग गई, जिसमें चार महीने के मासूम बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के वक्त माता-पिता खेत में काम कर रहे थे और मासूम झोपड़ी में सो रहा था।

कैसे हुआ हादसा

चार महीने के मासूम बच्चे की जिंदा जलकर मौत

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र अपनी पत्नी धनाबाई के साथ शनिवार रात खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान झोपड़ी के भीतर जल रहे चूल्हे से निकली चिंगारी वहां रखे कपड़ों पर गिर गई। झोपड़ी कच्ची थी और पास में सूखी घास रखी होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी झोपड़ी जलने लगी।

आग की लपटों के बीच झोपड़ी में सो रहा चार माह का मासूम निशांत चीखने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने शोर मचाया, तब माता-पिता मौके पर पहुंचे। परिजन किसी तरह आग में झुलसे बच्चे को बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

झोपड़ी जलकर खाक, जांच शुरू

हादसे में पूरी झोपड़ी जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया और दमोह एसडीएम आरएल बागरी देहात थाना पुलिस के साथ रात में ही मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मासूम का शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद परिजन रात में ही घर लौट गए थे।

पीड़ित परिवार को मिलेगी सहायता

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here