डीआर न्यूज इंडिया /कांग्रेस के नवनियुक्त 71 जिला अध्यक्ष रविवार को दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के नए मुख्यालय में आयोजित वर्कशॉप में शामिल हुए। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैडर मैनेजमेंट पर जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दी और संगठन को मजबूत करने के टिप्स दिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी मार्गदर्शन दिया।

वर्कशॉप में जिला अध्यक्षों को 3 महीने में जिला और ब्लॉक स्तर पर टीम बनाने का लक्ष्य सौंपा गया। पूर्व आईएएस शशिकांत सेंथिल ने “संगठन सृजन अभियान” का रोडमैप प्रजेंटेशन के जरिए समझाया।

बाहर इंदौर ग्रामीण अध्यक्ष का विरोध
जैसे ही AICC मुख्यालय के भीतर वर्कशॉप चल रही थी, बाहर विरोध प्रदर्शन होता रहा। इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े की नियुक्ति के खिलाफ देपालपुर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के सामने नारेबाजी कर उन्हें हटाने की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्थानीय नेता को दरकिनार कर दूसरे जिले के नेता को अध्यक्ष बनाया गया है।
लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के सिद्धांतों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष का संकल्प दोहराने को कहा। सभी जिला अध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि वे भाजपा की “वोट चोरी” की साजिशों को बेनकाब करेंगे और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ेंगे।
वर्कशॉप का शेड्यूल
- ट्रेनिंग सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर शाम 7 बजे तक चली।
- अध्यक्षों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली और चुनावी रणनीति पर विस्तृत जानकारी दी गई।
- AICC के नए दफ्तर में सभी जिला अध्यक्षों ने कार्यप्रणाली समझी और बाद में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने डिनर दिया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह टीम अनुभव और ऊर्जा का संगम है, जो संगठन को मजबूती देकर आने वाले चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगी।