अहमदपुर / शनिवार सुबह राधा कृष्ण मंदिर में भगवान देवनारायण के झंडे की पूजा के बाद श्रद्धालु पदयात्रा पर निकले। श्रद्धालु हाथों में झंडा लेकर देवनारायण मंदिर बरखेड़ी के लिए रवाना हुए। देवनारायण झंडा समिति अहमदपुर द्वारा हर साल सावन माह की दूज पर यह यात्रा निकाली जाती है। इस बार भी यात्रा ढोल और डीजे की धुन पर निकली। भक्तों ने देवनारायण बाबा के भजनों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से चल समारोह निकाला। राधा कृष्ण मंदिर पर पूजा-पाठ के बाद झंडा यात्रा शुरू हुई। रास्ते में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत किया और पूजा-अर्चना की। यह यात्रा अहमदपुर से शुरू होकर 35 किलोमीटर दूर देव बरखेड़ी स्थित देवनारायण मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। वहां झंडा स्थापित किया। इसके बाद मंदिर में महाआरती हुई। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।