देवास में दंपती ने खुद को आग लगाई, इंदौर रेफर

0
30
दंपती ने खुद को आग लगाई, इंदौर रेफर:

4 घंटे से चक्काजाम, 3 KM तक गाड़ियों की कतार; तहसीलदार और CMO सस्पेंड

Drnewsindia.com/देवास। जिले के सतवास में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दंपती द्वारा आत्मदाह की कोशिश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और घटना से नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने थाने के पास चौराहे पर पिछले 4 घंटे से चक्काजाम कर रखा है, जिससे दोनों ओर करीब 3 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

तहसीलदार और नगर पालिका CMO सस्पेंड

मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने सतवास तहसीलदार अरविंद दिवाकर और नगर पालिका CMO चुन्नीलाल जूनवाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गई है, जिसमें एक एसडीएम और एक तहसीलदार को शामिल किया गया है।

भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर एडीएम संजीव जैन, एडिशनल एसपी सौम्या जैन, एसडीओपी आदित्य तिवारी सहित कांटाफोड़, सतवास, कन्नौद, नेमावर, हरणगांव और खातेगांव थानों का पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारी तहसीलदार और सीएमओ पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

अतिक्रमण हटाने के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सतवास बस स्टैंड पर स्टेशनरी और फोटोकॉपी की दुकान चलाने वाले संतोष व्यास वार्ड नंबर 5 में मकान निर्माण करा रहे थे। प्रशासन को निर्माण को लेकर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी।

बुधवार दोपहर तहसीलदार अरविंद दिवाकर जेसीबी मशीन के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे। इसी दौरान संतोष व्यास और उनकी पत्नी जयश्री व्यास की तहसीलदार से तीखी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दंपती ने तहसीलदार के सामने ही अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

दोनों गंभीर, इंदौर रेफर

घटना में संतोष और जयश्री दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पड़ोसी पर हवाई फायर का आरोप

संतोष के भाई धर्मेंद्र व्यास ने आरोप लगाया कि पड़ोसी नारायण सोनी सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहा था, जिस पर पूर्व तहसीलदार द्वारा कार्रवाई की गई थी। यह मामला कोर्ट में लंबित है, इसी रंजिश के चलते उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।

महिलाओं के घर पर रहने के दौरान फायरिंग का दावा

संतोष की भाभी सरस्वती व्यास ने बताया कि घटना के बाद परिवार के सभी पुरुष थाने पर मौजूद थे और घर पर केवल महिलाएं थीं। इसी दौरान पड़ोसी नारायण सोनी ने दो हवाई फायर किए और जान से मारने की धमकी दी।

बचाव में फायर करने का दावा

वहीं, नारायण सोनी की बहन उमा सोनी थाने पहुंची और 12 बोर की बंदूक जमा कराई। उसने दावा किया कि उसके भाई ने आत्मरक्षा में हवाई फायर किए थे।

जेसीबी मालिकों ने भी दी शिकायत

अतिक्रमण हटाने में उपयोग की गई जेसीबी मशीनों के मालिक हनीफ खान और नूर खान भी सतवास थाने पहुंचे। उन्होंने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि तहसीलदार ने झूठ बोलकर उनकी जेसीबी मंगवाई थी।
जेसीबी मालिकों ने तहसीलदार से बातचीत का ऑडियो भी पुलिस को सौंपते हुए अपनी मशीनें वापस दिलाने की मांग की है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here