DR News India | सीहोर
सीहोर जिले की ग्राम पंचायत धनखेड़ी चांदबढ़ के सरपंच और सचिव पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ को शिकायत सौंपते हुए कहा कि पंचायत पदाधिकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति का गलत उपयोग किया और कई नियमों का उल्लंघन किया है।
10 साल पुराने प्रतीक्षालय को अवैध रूप से बेचा, फिर ‘जर्जर’ बताकर तोड़ा
शिकायत के अनुसार, पंचायत में बना पक्का यात्री प्रतीक्षालय बिना किसी प्रक्रिया के एक व्यक्ति को बेच दिया गया। प्रतीक्षालय करीब 10 वर्ष पुराना था और अच्छी स्थिति में था। जब ग्रामीणों ने इसकी शिकायत 181 पर की, तो पंचायत ने प्रतीक्षालय को ‘जर्जर भवन’ दिखाकर तोड़वा दिया।
अब उसी जगह नई पक्की दुकानें बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है, जिन्हें पहले से जुड़े खरीदारों को आवंटित करने की तैयारी है।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत द्वारा 20–30 वर्ष पहले निर्मित चार दुकानों को किराए पर दिया गया है, लेकिन:

- नियमित 10% वार्षिक किराया वृद्धि का रिकॉर्ड नहीं है
- किराए की वास्तविक रकम पंचायत खाते में नहीं जाती
- आरोप है कि पूरा किराया सरपंच और सचिव स्वयं ले रहे हैं
इसके अलावा, पंचायत द्वारा बनी नाली को घटिया निर्माण बताते हुए कहा गया कि उसके अवशेष भी अब मौजूद नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा की बैठकें कब होती हैं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं मिलती। कई मामलों में फर्जी हस्ताक्षर करवाकर प्रस्ताव पास किए जा रहे हैं।
हाट बाजार और ग्रामीण आजीविका पर खतरा
शिकायत में यह भी कहा गया कि जिस जगह दुकानें बनाई जा रही हैं, वह भूमि वर्षों से:
- हाट बाजार
- मेला आयोजन
- ग्रामीण व्यापार
के लिए उपयोग होती रही है। यदि यहां दुकानें बनती हैं, तो हाट बाजार खत्म हो जाएगा और ग्रामीणों की आजीविका पर भारी असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।





