सीहोर / जनजातीय समुदायों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया है। यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान है। इसका उद्देश्य जनजातीय आबादी को समान अवसर देना है। साथ ही सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारना, बुनियादी सुविधाएं बढ़ाना और स्वास्थ्य, शिक्षा व आजीविका के क्षेत्र में ठोस प्रगति करना है।
गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने यह जानकारी दी। बैठक में 80 ग्रामों के सरपंच, पंचायत सचिव, जनपद सीईओ और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सभी पात्र जनजातीय परिवारों को पक्के घर दिए जा रहे हैं। गांवों में सड़क, पानी, बिजली जैसी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की संख्या बढ़ाई जा रही है।