नगर परिषद के सीएमओ मनोज नामदेव का तबादला

0
52

राजगढ़ / जिले के नगर परिषद माचलपुर के प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोज नामदेव का तबादला आगर जिले की सोयतकलां नगर परिषद में कर दिया गया है। उन्हें वहां का नया प्रभारी सीएमओ नियुक्त किया गया है। वहीं सोयतकलां के वर्तमान प्रभारी सीएमओ देवेन्द्र वत्स को माचलपुर नगर परिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंगलवार को नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रदेशभर के नगरीय निकायों में सीएमओ के तबादलों की सूची जारी की गई। इसमें माचलपुर और सोयतकलां के सीएमओ का स्थानांतरण भी शामिल है।
नामदेव के कार्यकाल में माचलपुर को मिली कई उपलब्धियां
मनोज नामदेव लगभग दो वर्षों से नगर परिषद माचलपुर में पदस्थ थे। उनके कार्यकाल में माचलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में जिले में प्रथम और प्रदेश में टॉप-10 नगर परिषदों में स्थान मिला था। साथ ही, नए बस स्टैंड और नगर परिषद कार्यालय का लोकार्पण भी इसी दौरान हुआ।
नामदेव ने माचलपुर में सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाए रखने और परिषद की आय बढ़ाने के लिए कई सार्थक पहल कीं। राजस्व संग्रहण में सुधार और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी फोकस किया।
कर्मचारियों की नियुक्तियों के मामले में जताया था विरोध
नगर परिषद में कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर नामदेव ने नियमानुसार आपत्ति जताई थी। इसके चलते भाजपा के कुछ स्थानीय नेताओं से उनका मतभेद हो गया था। तभी से उनके तबादले की चर्चा चल रही थी, जो अब आदेश के रूप में सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here