Drnewsindia
छिंदवाड़ा /
चाँद थाना क्षेत्र के कुलबेहर नदी पुल पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो ने सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाहपुरा निवासी बोलेरो चालक शराब के नशे में पूरी तरह धुत था और वाहन को अत्यधिक तेज गति से चला रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि यह चालक स्कूली बच्चों को छोड़कर वापस लौट रहा था। पुल पर नियंत्रण खोने के कारण उसने सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि इंजन तक पिचक गया
हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा, यानी इंजन और बोनट, पूरी तरह पिचक गया। पुलिस वाहन में डीएसपी ललित बैरागी और एएसआई वैरागी सवार थे।
सीट बेल्ट और एयरबैग बने जीवन रक्षक
दोनों अधिकारियों ने सीट बेल्ट पहन रखी थी। टक्कर के बाद एयरबैग खुल गए और सीट बेल्ट के साथ मिलकर उन्होंने अधिकारियों को आगे की ओर झटके से टकराने से बचा लिया। इसी वजह से दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। बोलेरो चालक को भी सिर्फ मामूली चोटें आई हैं, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
लोगों में आक्रोश, बच्चों की जान पर था खतरा
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति बच्चों को स्कूल छोड़ने की जिम्मेदारी निभाता है, उसका नशे में होना बेहद खतरनाक है। अगर यही हादसा बच्चों को ले जाते समय होता, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे।
हादसा बना सबक
यह घटना एक बड़ा सबक है कि सीट बेल्ट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जान बचाने के लिए होती है। साथ ही “ड्रिंक एंड ड्राइव” के खिलाफ पुलिस अब और भी सख्त अभियान चलाने की तैयारी में है।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को पुल से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है।




