निपानिया कला में महाआरती के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य समापन

0
26

Drnewsindia/निपानिया कला। क्षेत्र के निपानिया कला गांव के शिव मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का रविवार को महाआरती के साथ भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति, भजन व जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया।

यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन 5 जनवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ था। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाली इस कथा में सुप्रसिद्ध कथावाचक संजय तिवारी के मुखारविंद से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण और संगीतमय वर्णन किया गया। कथा के दौरान भजन, कीर्तन और श्रीराम नाम के जयघोष से पूरा पंडाल गूंजता रहा।

अंतिम दिन कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे कथा स्थल पहुंचे। भगवान श्रीराम की आरती और भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। महाआरती के समय पूरा परिसर दीपों और श्रद्धा के प्रकाश से जगमगा उठा।

कथा समापन के अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के दौरान “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और भक्तों ने भगवान श्रीराम से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

आयोजन समिति और निपानिया कला वासियों द्वारा अंतिम दिन सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर आयोजन की सराहना की और इसे गांव के लिए गौरव का विषय बताया।

सात दिनों तक चली इस संगीतमय श्रीराम कथा ने न सिर्फ धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक सूत्र में बांधने का भी कार्य किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस तरह के आयोजन समाज में संस्कार, भक्ति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here