पंजाब पूर्व DGP के बेटे की मौत में नया खुलासा: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मिला सिरिंज का निशान, जांच पर उठे सवालपंचकूला |

0
45

पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की मौत का मामला अब और उलझता जा रहा है। पंचकूला सेक्टर-4 स्थित कोठी में हुई इस रहस्यमयी मौत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है—अकील की दाहिनी कोहनी से करीब 7 सेंटीमीटर ऊपर एक सिरिंज का निशान मिला है। रिपोर्ट ने जांच की दिशा को नया मोड़ दे दिया है, क्योंकि अब तक यह स्पष्ट नहीं था कि अकील इंजेक्शन के जरिए नशे का सेवन करता था या नहीं।

मेडिकल विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति इंजेक्शन से नशा करने का आदी होता है, तो उसके हाथों पर कई निशान होते हैं। अकील के शरीर पर एक ही निशान मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि वह संभवत: इंजेक्शन के नशे का नियमित सेवनकर्ता नहीं था

16 अक्टूबर की रात मिली थी मौत की खबर

अकील अख्तर (35) को 16 अक्टूबर की रात उनके घर में बेसुध हालत में पाया गया था। परिवार उसे रात करीब 9:30 बजे पंचकूला सेक्टर-6 के अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि अकील की हालत दवाओं की ओवरडोज से बिगड़ी थी। अगले दिन उसे सहारनपुर के हरडा गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

सोशल मीडिया पर ‘परिवार से खतरे’ का दावा

अकील ने 27 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने कहा था—“मेरे पिता के मेरी पत्नी से अवैध संबंध हैं। अब परिवार मेरी हत्या की साजिश रच रहा है।” इसी वीडियो के आधार पर 17 अक्टूबर को मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन चौधरी ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को सार्वजनिक किया।

FIR और SIT जांच

20 अक्टूबर की रात पंचकूला के मनसा देवी थाने में अकील की मां और पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, पिता मोहम्मद मुस्तफा, बहन और पत्नी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का केस दर्ज हुआ।
ACP विक्रम नेहरा के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर पृथ्वी, PSI पूजा, सब इंस्पेक्टर प्रकाश और साइबर एक्सपर्ट PSI रामास्वामी शामिल हैं।

21 अक्टूबर को SIT ने शिकायतकर्ता शमशुद्दीन से करीब 6 घंटे तक पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह रजिया सुल्ताना के मायके मलेरकोटला में पड़ोसी हैं और अकील को लंबे समय से जानते थे।

जांच पर सवाल क्यों उठ रहे

  1. पूर्व DGP के घर पर अब तक सर्च नहीं हुई — पुलिस ने मुस्तफा से संपर्क किया लेकिन उन्होंने सहरानपुर में होने की बात कही।
  2. अकील की डायरी बरामद नहीं हुई — वीडियो में अकील ने इस डायरी में सुसाइड नोट लिखने की बात कही थी।
  3. घटना वाले दिन क्या हुआ, स्पष्ट नहीं — घर पर पंजाब पुलिस का पहरा था, लेकिन अंदर क्या हुआ किसी को पता नहीं।

मुस्तफा परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि

1985 बैच के IPS अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं। उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। उनके बेटे की मौत और अब दर्ज FIR ने पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है।

इस बीच, जिस शमशुद्दीन ने FIR कराई, उसके राजनीतिक संबंधों पर भी सवाल उठने लगे हैं। मलेरकोटला विधायक डॉ. जमील उर रहमान ने खुलासा किया है कि शमशुद्दीन पहले आप (AAP) से जुड़े थे और पार्टी कार्यकर्ताओं को तंग करने के आरोप में उन्हें बाहर किया गया था।

अब देखना यह है कि SIT की जांच इस मामले को हत्या, आत्महत्या या साजिश में से किस दिशा में मोड़ती है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here