Drnewsindia
विदिशा। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद, जिला विदिशा (मध्यप्रदेश) में गति निर्धारक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भित्ति चित्रण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी कला के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गति निर्धारक गतिविधियों के तहत इस प्रतियोगिता में न केवल नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी, बल्कि क्षेत्र के ज्ञान ज्योति स्कूल, गुरुकुल, सनराइज मॉडल स्कूल एवं स्वामी विवेकानंद स्कूल के चयनित विद्यार्थियों ने भी भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष बनाया। विभिन्न विद्यालयों के छात्रों की सहभागिता से आपसी समन्वय, प्रतिस्पर्धा और सीखने का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
गति निर्धारक गतिविधियों की प्रभारी श्रीमती किरण गोपी (टीजीटी हिन्दी) ने बताया कि विद्यार्थियों ने भित्ति चित्रों के माध्यम से देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, भारतीय संस्कृति और वर्तमान समय के ज्वलंत विषयों को रंगों के जरिए जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कला शिक्षक श्री सर्वेश त्रिपाठी, राजाराम (टीजीटी हिन्दी) सहित विद्यालय प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और समर्पण देखते ही बनता था।

आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार एवं पारितोषक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित होती है, साथ ही उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को भी मजबूती मिलती है।




