पूर्व भाजपा मंत्री दीपक जोशी ने कांग्रेस नेत्री से की शादी

0
50
पूर्व भाजपा मंत्री दीपक ने कांग्रेस नेत्री से शादी की:जोशी ने मंदिर में पल्लवी की मांग में सिंदूर भरा; तस्वीरें सामने आईं

आर्य समाज मंदिर में पल्लवी राज सक्सेना की मांग में भरा सिंदूर, तस्वीरें आईं सामने

Drnewsindiaभोपाल | मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर निजी जीवन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे और शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके दीपक जोशी (63) ने महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना (43) से विवाह कर लिया है। सामने आई तस्वीरों में दीपक जोशी, पल्लवी की मांग में सिंदूर भरते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि दैनिक भास्कर इन तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता।

4 दिसंबर को आर्य समाज मंदिर में हुई शादी

जानकारी के मुताबिक यह विवाह 4 दिसंबर को आर्य समाज मंदिर में संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि पल्लवी राज सक्सेना ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी की तस्वीरें पोस्ट की थीं, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस नेता बृजेंद्र शुक्ला ने दीपक जोशी की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें बधाई दी।

पहले भी विवादों में रहा वैवाहिक जीवन

दीपक जोशी के वैवाहिक जीवन को लेकर पहले से ही चर्चाएं होती रही हैं। बताया जा रहा है कि पल्लवी से पहले दो अन्य महिलाएं—नम्रता जोशी और शिखा जोशी (मित्रा)—खुद को दीपक जोशी की पत्नी बता चुकी हैं। इनमें से कुछ मामले कोर्ट तक भी पहुंचे हैं।

नम्रता जोशी का दावा है कि वह दीपक जोशी की पत्नी हैं और उनके घर में रहती हैं, जबकि शिखा जोशी का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2016 में दीपक जोशी से विवाह किया था। दीपक जोशी की पहली पत्नी विजया जोशी का वर्ष 2021 में कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया था।

भाजपा से कांग्रेस तक का राजनीतिक सफर

दीपक जोशी ने वर्ष 2013 में देवास जिले की हाटपिपल्या विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर मध्यप्रदेश सरकार में स्कूल शिक्षा मंत्री का पद संभाला था। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मनोज चौधरी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

साल 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस के 22 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद कमलनाथ सरकार गिर गई। इसके बाद हुए उपचुनावों में भाजपा ने कांग्रेस से आए नेताओं को ही टिकट दिए, जिससे दीपक जोशी राजनीतिक रूप से हाशिये पर चले गए। इसे उनके राजनीतिक करियर का टर्निंग पॉइंट माना जाता है।

2023 में छोड़ी भाजपा, कांग्रेस में हुए शामिल

लगातार उपेक्षा से आहत दीपक जोशी ने वर्ष 2023 में भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। अब कांग्रेस नेत्री से विवाह को लेकर वे एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here