प्रधानमंत्री मोदी ने 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की घोषणा का किया स्वागत, कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

0
33

Drnewsindia.com/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि ये ट्रेनें देशभर में यात्री सुविधाओं और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन नई ट्रेनों से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि वाणिज्य और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा विभिन्न रूटों पर 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुभारंभ को लेकर किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि यात्री अनुभव को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और अमृत भारत ट्रेनें इसी सोच का हिस्सा हैं।

असम से हरियाणा-यूपी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से जानकारी दी कि 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें जल्द ही पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। इन ट्रेनों के जरिए असम को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल को तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश से सीधी रेल सेवाएं मिलेंगी।

इससे देश के पूर्वी, उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों के बीच अंतर्राज्यीय रेल कनेक्टिविटी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होगी।

वाणिज्य और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई अमृत भारत ट्रेनें न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाएंगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी। बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों की आवाजाही आसान होगी और विभिन्न राज्यों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।

एक्स पर रेल मंत्री के थ्रेड पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा—
“नई अमृत भारत ट्रेनें यात्री सुविधाओं और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके अन्य लाभों में वाणिज्य और पर्यटन को बढ़ावा देना भी शामिल है!”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here