अराजकता स्वीकार्य नहीं, निर्दोषों पर हमला करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”
drnewsindia.com /बरेली। उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद ने जिले में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अराजकता किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बरेली में शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल के समर्थकों की भीड़ जमा हुई थी। हालांकि, मौलाना खां की अनुपस्थिति में माहौल बिगड़ गया और बवालियों ने खलील स्कूल तिराहे के आसपास दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस हिंसा के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ी कार्रवाई शुरू की।

सीएम योगी ने बयान में कहा, “हम सबको सम्मान देंगे, सबको सुरक्षा देंगे। लेकिन अगर किसी ने सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया, निर्दोष नागरिकों पर हमला किया, तो उसकी कई पीढ़ियों के सामने ऐसी कार्रवाई होगी कि यह नजीर बनेगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पर्व और त्योहारों के समय माहौल बिगाड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
योगी आदित्यनाथ ने जोर देते हुए कहा कि सरकार ने हर जाति और समुदाय के लोगों को कल्याणकारी योजनाओं के साथ जोड़ने का काम किया है और कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर प्रदर्शन कर उपद्रव करने वालों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
वहीं प्रशासन ने बरेली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं और दुकानदारों व नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। शहर में तनाव को देखते हुए प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।




