भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को दी नई ऊंचाइयां : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0
111

Drnewsindia

मुख्यमंत्री ने पार्श्व गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से किया अलंकृत

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी इंदौर में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 2025 से अलंकृत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने स्वर से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं और यह सम्मान संगीत जगत की महान विभूतियों को नमन है।

समारोह में सोनू निगम का अलंकरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लता मंगेशकर जी के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान अद्वितीय है। सुप्रसिद्ध गायक सोनू निगम को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके आने से ऐसा लग रहा है जैसे “अमावस की रात में पूनम का चांद आया हो”।

सोनू निगम ने सम्मान प्राप्त करते समय भावुक स्वर में कहा कि “लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि संगीत की जीती-जागती परंपरा रही हैं। यह सम्मान मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है।” उन्होंने यह भी स्मरण किया कि 30 वर्ष पूर्व वे लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में प्रस्तुति देने इंदौर आए थे, और आज उसी मंच पर उन्हें सम्मान मिलना गौरवपूर्ण है।

संगीत संध्या में अंकित तिवारी ने बांधा समां

अलंकरण के बाद आयोजित संगीत संध्या में लोकप्रिय पार्श्व गायक अंकित तिवारी एवं उनके दल ने एक से बढ़कर एक सुरमयी प्रस्तुतियां दीं, जिसने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

लता मंगेशकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण

समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने से की। इस दौरान उन्होंने लता जी के जीवन पर केन्द्रित चित्र “लतिका” का अवलोकन भी किया।

गरिमामय उपस्थिति

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक जीतू जिराती, सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here