Drnewsindia.com/भिंड।
जिले में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे लहार एसडीएम विजय सिंह यादव पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। सोमवार सुबह मिहोना बायपास पर रेत से भरे एक ट्रैक्टर ने जानबूझकर एसडीएम की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि एसडीएम की गाड़ी के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके से रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं।
अवैध रेत परिवहन की सूचना पर पहुंचे थे SDM

जानकारी के अनुसार, एसडीएम विजय सिंह यादव को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वे सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे मिहोना बायपास पहुंचे। मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना रॉयल्टी और ओवरलोड हालत में रेत का परिवहन करती मिलीं।
जब एसडीएम ने ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया, तो एक चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए जानबूझकर ट्रैक्टर एसडीएम की गाड़ी में घुसा दिया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े ट्रैक्टर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ने मिहोना थाना प्रभारी को फोन कर पुलिस बल बुलाया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया और थाने में खड़ा कराया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और शासकीय वाहन को क्षतिग्रस्त करने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
SDM का बयान: सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
एसडीएम विजय सिंह यादव ने कहा,
“अवैध रेत परिवहन में लगे वाहन तेज गति और ओवरलोडिंग के कारण आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
इस साल पहले भी हो चुके हैं हमले
भिंड जिले में रेत माफिया द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों पर हमले की यह पहली घटना नहीं है।
- 30 जनवरी 2025 को उमरी थाना क्षेत्र में तत्कालीन कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर रेत माफिया ने हमला करने का प्रयास किया था। अवैध रेत परिवहन रोकने पर बदमाशों ने कलेक्टर को घेर लिया था। सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और हवाई फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
- 17 मई 2025 को तत्कालीन खनिज निरीक्षक संजय धाकड़ पर उनके किराए के मकान में हमला किया गया था। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।




