भोपाल में झांकी पंडाल पर खेल रही बच्ची की गोली लगने से मौत

0
50

DRNEWS भोपाल
भोपाल के कोलार रोड इलाके में झांकी पंडाल पर खेल रही 10 वर्षीय रिया रजक की गुरुवार रात गोली लगने से मौत हो गई। एक्स-रे रिपोर्ट में सामने आया है कि गोली बच्ची की गर्दन और कंधे के बीच से घुसकर कमर में धंस गई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।

परिजनों का बयान

मृतका के चाचा राज रजक ने बताया कि झांकी में भंडारे की तैयारियां चल रही थीं, तभी भतीजी अचानक गिर पड़ी। उसके कंधे से खून बह रहा था। समिति के लोगों के साथ तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अधिक खून बह जाने से इलाज के दौरान रिया की मौत हो गई। परिवार ने आशंका जताई है कि किसी ने हर्ष फायर किया होगा, जिससे गोली मासूम को लग गई।

जांच और पुलिस की कार्रवाई

एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना का रिक्रिएशन किया और शस्त्र लाइसेंस धारकों से पूछताछ शुरू की है। पुलिस का मानना है कि शस्त्र पूजा के बाद किसी ने फायर किया होगा। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

रिया रजक चौथी कक्षा की छात्रा थी और तीन भाई-बहनों में इकलौती लड़की थी। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here