भोपाल में नेटफ्लिक्स फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ का विरोध: ब्राह्मण संगठनों ने टाइटल और डायलॉग पर जताई आपत्ति, छवि खराब करने का आरोप

0
2

Drnewsindia.com/भोपाल। नेटफ्लिक्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर भोपाल में विरोध तेज हो गया है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज मध्यप्रदेश ने फिल्म के शीर्षक और ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए संवादों को आपत्तिजनक बताते हुए डीबी मॉल के सामने प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि फिल्म के जरिए ब्राह्मण समाज की छवि को जानबूझकर खराब करने का प्रयास किया गया है।

संगठन ने ट्रेलर में बोले गए एक संवाद को लेकर कड़ा ऐतराज जताया और इसे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह के शब्दों और प्रस्तुतिकरण से एक विशेष समाज को नीचा दिखाया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की ओर से एमपी नगर थाने में एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें फिल्म के ट्रेलर में ब्राह्मण समाज के लिए अपमानजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया गया है। संगठन ने इसे सुनियोजित प्रयास बताते हुए संबंधित कलाकारों, निर्देशक और ओटीटी प्लेटफॉर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं के खिलाफ नारेबाजी भी की। संगठन का आरोप है कि लगातार फिल्मों और ओटीटी कंटेंट के माध्यम से ब्राह्मण समाज को गलत और नकारात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।

कोर्ट जाने की चेतावनी

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिल्म का नाम और संवाद समाज को नीचा दिखाने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है और यदि फिल्म के शीर्षक व संवादों में बदलाव नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

टीजर में क्या दिखाया गया है

फिल्म के टीजर में अभिनेता मनोज बाजपेयी सीनियर इंस्पेक्टर अजय दीक्षित की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिन्हें ‘पंडित’ के नाम से जाना जाता है। टीजर के अनुसार, वह एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के रूप में दिखाए गए हैं, जिन्हें अपने कृत्यों के चलते कई बार पदावनत किया गया।

फिलहाल नेटफ्लिक्स या फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here