भोपाल / 31 अगस्त 2025
बिहार के दरभंगा में कांग्रेस की सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के विरोध में रविवार को भोपाल में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले की अर्थी निकाली और जमकर नारेबाजी की।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रेड क्रॉस चौराहे पर जमा हुईं और कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं। हालांकि पुलिस ने सिद्धांता हॉस्पिटल के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। बारिश शुरू होने पर प्रदर्शनकारियों ने वहीं पुतले की अर्थी तोड़ दी और विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।

नेताओं के तेवर गरम
प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
- माया नारोलिया ने कहा कि महिलाओं का अपमान अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
- हेमंत खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस नेता लगातार महिलाओं पर अपशब्द बोलते हैं।
- सीएम मोहन यादव ने भी मुरैना से कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि विपक्ष तरह-तरह के प्रपंच रच रहा है।
भाजपा की चेतावनी
महिला मोर्चा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने महिलाओं और प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल बंद नहीं किया तो कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।