भोपाल: रक्षक बना भक्षक? अरेरा हिल्स थाना प्रभारी का महिला को धमकाते वीडियो वायरल, कहा- ‘पुलिस से मत लड़, खामियाजा भुगतना होगा’

0
12

drnewsindia.com

भोपाल। राजधानी भोपाल में ‘देशभक्ति-जनसेवा’ का दावा करने वाली पुलिस का एक बेहद शर्मनाक चेहरा सामने आया है। अरेरा हिल्स थाने के प्रभारी (TI) सुनील कुमार शर्मा द्वारा एक पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी और उसे खुलेआम धमकाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

राजधानी के भीम नगर इलाके में तीन बदमाशों ने एक महिला के घर में आग लगा दी थी, जिससे घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। न्याय की गुहार लेकर पीड़ित महिला रात के समय अरेरा हिल्स थाने पहुंची थी। महिला की शिकायत पर कार्रवाई करने और आरोपियों को पकड़ने के बजाय, थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने पीड़िता को ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

वायरल वीडियो में टीआई की दादागिरी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा पीड़िता को थाने से बाहर भगाने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में टीआई महिला को चेतावनी देते हुए कह रहे हैं— “पुलिस से मत लड़, तुझे बहुत बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा। तुझे बड़ी दिक्कत होगी।”

जब पीड़िता ने पलटकर कहा कि— “आप मुझे धमका रहे हैं”, तो टीआई का रवैया और अधिक आक्रामक हो गया। पीड़िता का कहना है कि वह दोपहर में भी थाने आई थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

पुलिस की छवि पर लगा दाग

एक तरफ प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और ‘बेटी बचाओ’ के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी के बीचों-बीच एक थाना प्रभारी का ऐसा व्यवहार विभाग की छवि को धूमिल कर रहा है। आगजनी जैसे गंभीर अपराध की शिकार महिला को इंसाफ देने के बजाय उसे धमकाना, आम जनता का पुलिस प्रशासन से भरोसा उठा रहा है।

जांच की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद अब वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेने और दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग उठ रही है। देखना होगा कि क्या पीड़ित महिला को न्याय मिलता है या खाकी के रसूख के आगे यह मामला दबकर रह जाता है।


पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहें drnewsindia.com के साथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here