Drnewsindia.com
भोपाल/इंदौर/ मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिन हल्की बारिश होने की संभावना है। दशहरे के दिन भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बुधवार सुबह भोपाल में तेज धूप खिली रही।
अब तक प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून की विदाई हो जाएगी।
इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश
इस साल मानसून ने उम्मीद से ज्यादा पानी बरसाया है।
- औसत बारिश : 37.3 इंच
- इस साल हुई बारिश : 45.2 इंच
- यानी सामान्य से 7.8 इंच अधिक
गुना में सबसे ज्यादा 65.6 इंच बारिश दर्ज हुई। मंडला-रायसेन में 62 इंच से अधिक और श्योपुर-अशोकनगर में 56 इंच से ज्यादा बारिश हुई। वहीं शाजापुर (28.9 इंच), खरगोन (29.6 इंच) और खंडवा (32 इंच) सबसे कम बारिश वाले जिलों में रहे।
बारिश और बिजली से हादसा
पन्ना जिले में मंगलवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे रूप सिंह यादव (40) की मौत हो गई। वह पेड़ के नीचे छिपकर बारिश से बच रहा था। रूप सिंह एक हाथ से दिव्यांग था और भैंसें चराकर जीवनयापन करता था।
अक्टूबर का मौसम – तीनों रंग एक साथ
अक्टूबर को मौसम विज्ञानी चेंज ओवर पीरियड बताते हैं।
- रात में ठंडक महसूस होती है।
- दिन में गर्मी रहती है।
- बीच-बीच में हल्की बारिश होती है।
उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने पर बारिश के दौर देखने को मिलते हैं।
प्रमुख शहरों का हाल
- भोपाल : अक्टूबर में औसत तापमान 32.7° अधिकतम और 19.1° न्यूनतम रहता है। 2012 में यहां अक्टूबर का पारा 38° तक पहुंच चुका है।
- इंदौर : 22 अक्टूबर 2000 को दिन का तापमान 37.8° दर्ज हुआ था, वहीं 1999 में न्यूनतम 6.2° रहा।
- ग्वालियर : अक्टूबर में दिन का तापमान कई बार 39° तक जाता है। 1994 में तो यह 40.1° तक पहुंच गया था।
- जबलपुर : 1966 में अक्टूबर का पारा 37.9° दर्ज हुआ, जबकि 1952 में न्यूनतम 10.5° रहा।
- उज्जैन : यहां अक्टूबर 2009 में एक दिन में 3.62 इंच बारिश हुई थी। वहीं 2002 में तापमान 39° दर्ज हुआ।
इंदौर संभाग में सुधार
इस बार शुरू में इंदौर और उज्जैन संभाग में बारिश बेहद कम थी। सितंबर में हुई भारी बारिश के बाद इंदौर ने सामान्य बारिश का कोटा पूरा कर लिया, लेकिन उज्जैन में अब भी कमी बनी हुई है।




