मप्र में निगम-मंडलों में नियुक्तियों की तैयारी तेज़: चार दर्जन नेताओं की सूची तैयार

0
62


राजनीतिक संतुलन साधने की कवायद, जल्द जारी होंगे आदेश

▶ नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज
drnewsindia.com/मध्यप्रदेश में लंबे समय से खाली पड़े निगम-मंडल, बोर्ड, आयोग और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच संभावित नामों पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। इन नामों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को अनुमोदन के लिए भेज दी गई है। अनुमति मिलते ही इन पदों पर नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। संगठन ने नामों का चयन करते समय संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखा है। सूची में पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी और विभिन्न जातीय समूहों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इस कवायद का मकसद आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में राजनीतिक संतुलन साधना है।

▶ पूर्व मंत्रियों और नेताओं को मिलेगा स्थान
सरकार का इरादा है कि पिछला चुनाव हारने वाले वरिष्ठ भाजपा नेताओं का पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा में फिर से जोड़ा जाए। इनमें प्रमुख रूप से नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत और उमाशंकर गुप्ता के नाम शामिल हैं। इन्हें निगम-मंडल में पद देकर कैबिनेट मंत्री दर्जा दिए जाने की संभावना है। इनके अलावा पूर्व विधायक, पूर्व संगठन मंत्री, संभागीय पदाधिकारी और वे नेता भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले चुनाव में टिकट नहीं दिया गया था। जनभागीदारी समितियों में भी स्थानीय नेताओं को एडजस्ट करने की योजना है, जिसके लिए विधायकों से चर्चा कर अध्यक्षों के नाम तय किए जा रहे हैं।

▶ लंबित सूची पर फिर से मंथन, हाईकमान को भेजी जाएगी
बताया गया है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के कार्यकाल में तैयार की गई नेताओं की सूची पर हाल ही में सीएम हाउस में फिर से विचार हुआ। बैठक में सीएम मोहन यादव के साथ हेमंत खंडेलवाल, अजय जामवाल और हितानंद मौजूद थे। अब यह सूची राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के साथ समीक्षा के बाद भाजपा हाईकमान को भेजी जाएगी। राज्य में वर्तमान में निगम-मंडलों और आयोगों के 45 से अधिक पद खाली हैं, जिन्हें भरने की दिशा में यह अहम पहल मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here