मप्र BJP में ‘कर्मठ और सक्रिय नेताओं’ की सूची तैयार; प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल जल्द करेंगे कार्यकारिणी का विस्तार

0
11

Drnewsindia.com/भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा में संगठन विस्तार की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी टीम का गठन तो कर दिया है, लेकिन अभी उसका विस्तारीकरण बाकी है। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के कर्मठ, सक्रिय और संगठनात्मक क्षमता वाले नेताओं की सूची तैयार करवाने में जुटे हैं। खंडेलवाल का पूरा फोकस संगठन को सुदृढ़ और संतुलित करने पर है।

इसी क्रम में हाल ही में पार्टी ने मोर्चा, प्रकोष्ठ और कार्यालय व्यवस्था के प्रभारी नियुक्त किए हैं। भाजपा संगठन में यह प्रक्रिया निरंतर चल रही है ताकि पार्टी आगामी चुनौतियों के लिए मजबूत ढांचा तैयार कर सके।


जल्द होगा प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार

भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कार्यकारिणी का शीघ्र विस्तार किया जाएगा। इसके बाद सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त होंगे। कार्यकारिणी के विस्तार में उन नेताओं को भी मौका मिलने की संभावना है जो लंबे समय से संगठनात्मक जिम्मेदारियों से दूर थे।

इसका संकेत प्रदेश अध्यक्ष ने तब दिया जब उन्होंने मनोरंजन मिश्रा को मोर्चा प्रभारी नियुक्त किया—जो पिछले दस वर्षों से संगठनात्मक भूमिका से दूर थे।

खबर है कि इस बार कार्यकारिणी में पीढ़ी परिवर्तन भी दिखाई देगा। खंडेलवाल ने भोपाल से केवल राहुल कोठारी को प्रदेश महामंत्री बनाकर इसका संकेत दे दिया है। वहीं 35 वर्षीय श्याम टेलर को युवा मोर्चा की कमान सौंपकर युवाओं को अधिक अवसर दिए जा रहे हैं।

पदाधिकारियों की नियुक्ति में क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक विविधता और महिला प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है। सात महिला नेताओं को शामिल कर महिला नेतृत्व को भी उचित स्थान दिया गया है।


क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष फोकस

प्रदेश कार्यकारिणी में वर्तमान क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व इस प्रकार है—

  • मालवा–निमाड़: 11 पदाधिकारी
  • मध्य प्रदेश व ग्वालियर–चंबल: 5–5 पदाधिकारी
  • बुंदेलखंड व विंध्य: 3–3 पदाधिकारी
  • महाकौशल: 2 पदाधिकारी

ऐसे में अनुमान है कि आने वाले विस्तार में विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड के नेताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में सामूहिक नेतृत्व के आधार पर निर्णय होते हैं। कार्यकर्ताओं की क्षमता और रुचि के अनुसार जिम्मेदारियाँ सौंपी जाती हैं।

उल्लेखनीय है कि खंडेलवाल ने पद संभालने के तीन माह 21 दिन के भीतर 23 अक्टूबर को प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा कर दी थी। इसके 23 दिन बाद 13 संभाग प्रभारी नियुक्त किए गए और फिर प्रदेश पदाधिकारियों को संभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई।


राजनीतिक नियुक्तियों की भी तैयारी

जहाँ संगठन में विस्तार जारी है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी मंथन तेज है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता निगम–मंडलों में स्वयं या अपने समर्थकों को स्थान दिलाना चाहते हैं।

चर्चा है कि पहले निगम–मंडल पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी और उसके बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार का मार्ग साफ होगा।

पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों से पहले पार्टी अधिकतम नियुक्तियाँ पूरी करने के प्रयास में है।


एसआईआर अभियान पर फोकस

उधर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में भी भाजपा नेता सक्रिय हैं। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सांसद–विधायक तक लगातार दौरे कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दे रहे हैं।

साथ ही वे कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमों से भी पदाधिकारियों को अवगत करा रहे हैं।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here