Drnewsindia.com/भोपाल।
वित्तीय संकट से उबरने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अपनी अचल संपत्तियों के मुद्रीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय के निर्देश पर बीएसएनएल ने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित 56 सरप्लस अचल संपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन संपत्तियों को खरीदने का प्रस्ताव मध्य प्रदेश सरकार को भी दिया गया है, ताकि राज्य के सार्वजनिक उपक्रम और स्थानीय निकाय इन्हें अधिग्रहित कर सकें।
बीएसएनएल ने विक्रय व किराये पर उपलब्ध संपत्तियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इनमें कुछ संपत्तियां ऐसी भी हैं, जिन्हें मध्य प्रदेश सरकार किराये पर भी ले सकती है। सभी संपत्तियां व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रदेश के सभी विभागों को सूचना जारी कर दी है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा संपत्तियां
बीएसएनएल द्वारा जारी सूची के अनुसार—
- भोपाल और इंदौर में 8-8 संपत्तियां
- जबलपुर में 10 संपत्तियां
- ग्वालियर में 1 संपत्ति
विक्रय के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अलावा सतना, मैहर, छिंदवाड़ा, देवास, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), इटारसी, मुरैना, बड़वानी, खरगोन, धार, नरसिंहपुर, कटनी, रीवा, उज्जैन, शहडोल, सिवनी और बालाघाट जिलों में भी बीएसएनएल की संपत्तियां सूचीबद्ध की गई हैं।
इंदौर में ये 8 संपत्तियां बिक्री के लिए
- टीई कंपाउंड, बीएसएनएल सेक्टर-ए, स्कीम नंबर 71
- चंदन नगर, प्लॉट संख्या 1ई से 6ई
- योजना संख्या 54 (सीटीटीसी)
- अमितेश नगर, प्लॉट संख्या 29 से 57
- पी एंड टी क्वार्टर कंपाउंड, भंवरकुआं
- नेहरू पार्क के पास डी/टी इंदौर
- स्कीम नंबर 78, ब्रिलियंट कन्वेंशन के पास, विजय नगर
- डब्ल्यूटीआर क्वार्टर कैंपस, खाटीवाला टैंक, स्कीम 44 व स्कीम 99 (नवलखा बस स्टैंड के पास)
जबलपुर में 10 प्रमुख संपत्तियां
- टेलीकॉम प्लॉट, बरेला (वार्ड 10)
- टेलीकॉम कंपाउंड, मिलोनीगंज
- सीटीओ कंपाउंड, अंबेडकर चौक
- विजय नगर टीई कैंपस, स्कीम-5 माधोताल
- कृषि उपज मंडी कॉलोनी के विभिन्न प्लॉट
- टेलीकॉम फैक्ट्री, राइट टाउन
- टी एंड डी कैंपस, संचार विकास भवन, सिविल लाइंस
भोपाल में बिक्री के लिए ये संपत्तियां
- टेलीकॉम कंपाउंड, अयोध्या नगर, रायसेन रोड
- 40 टाइप-डी एसक्यू, दमखेड़ा
- बाघमुगलिया एक्सटेंशन में प्लॉट ए-1 से ए-5
- साकेत सेक्टर 4ए और 4सी में क्वार्टर कंपाउंड
- विद्या नगर टेलीफोन एक्सचेंज भूमि
- टेलीकॉम कंपाउंड, इंद्रपुरी भेल
- टेलीकॉम कंपाउंड, रक्षा विहार, एयरपोर्ट रोड, भौरी
उद्देश्य: संपत्तियों का मुद्रीकरण
केंद्र सरकार देशभर में बीएसएनएल की सरप्लस अचल संपत्तियों का मुद्रीकरण कर रही है, ताकि कंपनी की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। मध्य प्रदेश में यह प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ने वाली है।
नोट: विस्तृत सूची और शर्तें बीएसएनएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।




