Drnewsindia
सतना | जिले के नागौद विकासखंड अंतर्गत ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम बच्ची से जूठे बर्तन धुलवाने के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक माह का मानदेय काट दिया है, जबकि सहायिका को पद से हटा दिया गया है।
कार्यकर्ता का एक माह का मानदेय कटा
नागौद परियोजना अधिकारी इंद्रभूषण तिवारी ने मंगलवार को आदेश जारी करते हुए ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता राधा रजक का एक माह का मानदेय काटने की कार्रवाई की। उन्हें पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर यह निर्णय लिया गया।
सहायिका को किया गया पद से पृथक
महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह ने बुधवार को आंगनबाड़ी सहायिका अंजना लोधी को पद से पृथक करने का आदेश जारी किया। जांच में सहायिका को भी दोषी पाया गया है। उल्लेखनीय है कि अंजना लोधी ने लगभग 15 दिन पहले ही सहायिका के रूप में कार्यभार संभाला था।

वीडियो वायरल होने से हुआ खुलासा
यह मामला 31 जनवरी को सामने आया था, जब ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने एक बच्ची जूठे बर्तन धोते हुए दिखाई दे रही थी। उस समय केंद्र की कार्यकर्ता और सहायिका दोनों मौके पर मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार, बच्ची नागौद के एक स्कूल में पढ़ती है और अपनी मां के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पोषण आहार लेने गई थी। इसी दौरान उससे बर्तन साफ करवाए गए।
जांच में दोनों दोषी पाए गए
विभागीय जांच के बाद दोनों कर्मचारियों को दोषी मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




