भोपाल / पचमढ़ी से हरे कृष्ण दुबोलिवा
पचमढ़ी में भाजपा सांसदों और विधायकों से संवाद में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 2003 के बाद प्रदेश में विकास की धारा महानगरों से निकालकर जिलों तक पहुंचाई। पहले सिर्फ इंदौर-भोपाल जैसे शहरों में विकास होता था। भाजपा ने गांव-गांव तक काम किया। अब लक्ष्य प्रदेश के हर कोने तक तरक्की पहुंचाना है। इसके लिए रीजनल इन्वेस्टर समिट की शुरुआत की गई है।
सीएम ने कहा, सांसद-विधायक क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों और योजनाओं का श्रेय खुद लें। लोकार्पण और भूमिपूजन जल्दबाजी में न करें। पूरी योजना बनाकर कार्यक्रम करें, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के बुद्धिजीवियों को भी बुलाएं और विकास पर चर्चा करें, ताकि लोगों को पता चले कि आप उनके लिए क्या कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता और अनुशासन संगठन की असली ताकत है। सामूहिक नेतृत्व और टीम भावना से ही भाजपा ने हर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने साफ कहा कि कार्यकर्ताओं के बिना वे कुछ नहीं हैं। जो मंत्री कार्यकर्ताओं के फोन खुद नहीं उठाते वह चुनाव में दर-दर भटकते हैं। राजनीति का सबसे बड़ा सूत्र है मेरा कार्यालय। हर नेता को अपना एक दफ्तर बनाना चाहिए। यदि आपके इलाके में जनता और कार्यकर्ताओं को यह भरोसा हो कि आपके दफ्तर पहुंच गया तो उसकी बात सुनी जाएगी तो चुनाव में वोट मांगने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जो कार्यकर्ताओं के फोन नहीं उठाते, चुनाव में वे दर-दर भटकते हैं, पाटील
हाजिरी के लिए नहीं, सोशल मीडिया नेरेटिव सेट करने का हथियार – तावड़े
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा, कई सांसदों-विधायकों ने सोशल मीडिया को जयंती, पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि और त्योहारों के बधाई संदेश देने तक सीमित स्खा है। पार्टी ने आपको सिर्फ यहां हाजिरी लगाने के लिए नहीं कहा है, सोशल मीडिया का इस्तेमाल जन-जन तक अपनी बात पहुंचाने और पार्टी के पक्ष में नरेटिव सेट करने के लिए करना है।
जामवाल बोले
अब उन्हें अपने घर खाना खिलाएं
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी को अनुसूचित जाति और जनजातियों के बीच अपनी मजबूत पैठ बनानी होगी। पढ़े-लिखे, जागरूक और समाजसेवी युवाओं को भाजपा के साथ जोड़ें। सिर्फ उनके घर जाकर भोजन करने से भरोसा नहीं जीता जा सकता। कभी उन्हें भी अपने घर बुलाएं, साथ बैठकर भोजन करें। तभी उनके भीतर बराबरी का भाव पैदा होगा। जामवाल ने कहा कि दलित, पिछड़े और जनजातीय समाज के युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दीजिए और पार्टी से जोड़िए। सबसे ज्यादा भ्रम इन्हीं वर्गों के बीच फैलाया जा रहा है। इन वर्गों के बीच विश्वास कायम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
डिप्टी सीएम के सामने भिड़ी पुलिस
विधायकों के प्रशिक्षण स्थल होटल ग्लेन व्यू के गेट पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के सामने दो पुलिस अफसर आपस में भिड़ गए। घटना उस वक्त हुई जब एक एसआई ड्यूटी पर लेट पहुंचे तो किसी अफसर ने उन्हें टोक दिया।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आज आएंगे
पचमढ़ी भाजपा के पचमढ़ी प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को तीसरा और आखिरी दिन है। आखिरी दिन समापन सत्र को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। समापन सत्र पूरे डेढ घंटे का होगा जिसमें करीब 1 घंटे राजनाथ सिंह बोलेंगे। समापन सत्र दोपहर 12.30 बजे शुरू होगा जो 2.00 बजे तक चलेगा।