युवक को बांधकर पीटा, सिर मुंडवाया और दाढ़ी खींची… VIDEO सामने आया

0
17

मां बोली– बेटे के साथ बर्बरता हुई, पुलिस ने थानों के चक्कर कटवाए

drnewsindia/राजगढ़ |

राजगढ़ जिले में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग युवक को बांधकर रखते हुए उसकी दाढ़ी खींचते और कैंची से बाल काटते नजर आ रहे हैं। युवक के सिर से खून बहता भी दिखाई दे रहा है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।

मामला तब सामने आया जब पीड़ित युवक की मां रविवार को शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंची। वहां से उसे राजगढ़ थाना भेजा गया, लेकिन राजगढ़ पुलिस ने मामला ब्यावरा क्षेत्र का बताकर उसे वहां भेज दिया। ब्यावरा थाना पहुंचने पर भी महिला की शिकायत दर्ज नहीं की गई।

मां बोली– वीडियो देखकर पहचान हुई

महिला ने बताया कि वीडियो में दिख रहा युवक उसका ही बेटा है। उसने कहा कि शुक्रवार को बेटा काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। बाद में किसी परिचित ने उसे वीडियो दिखाया, तब उसे बेटे के साथ हुई बर्बरता की जानकारी मिली।

महिला खिलचीपुर थाना क्षेत्र में अपने तीन बेटों के साथ करीब 20 साल से रह रही है। तीनों बेटे मजदूरी करते हैं। महिला का कहना है कि उसे अब तक यह नहीं पता कि उसके बेटे के साथ यह सब क्यों किया गया।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि राजगढ़ में युवक को बांधकर उसके साथ बर्बरता की गई। उन्होंने इसे “गुंडा राज” बताते हुए राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए।

एसपी ऑफिस और दो थानों के चक्कर

पीड़ित की मां ने बताया कि वह रविवार को पहले एसपी कार्यालय गई, वहां से राजगढ़ थाने भेजा गया। राजगढ़ थाने से यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला ब्यावरा क्षेत्र का है। ब्यावरा पहुंचने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस बोली– आरोपियों की पहचान हो गई

राजगढ़ एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि ब्यावरा देहात थाने में युवक की गुमशुदगी पहले ही दर्ज हो चुकी थी। युवक बिना बताए घर से चला गया था और घूमते-घूमते दिलावरा गांव पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए टीम भेज दी गई है।

युवक मिला, मानसिक रूप से कमजोर होने की आशंका

युवक को खिलचीपुर कोतवाली टीआई अखिलेश वर्मा और उनकी टीम ने खोज लिया है। पुलिस के अनुसार, मां से बातचीत के बाद ऐसा लग रहा है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर हो सकता है। वह अपना नाम और पता ठीक से नहीं बता पा रहा था। इसी वजह से गांव के लोगों को शक हुआ कि वह चोरी करने आया है और इसी शंका में उसके साथ मारपीट की गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here