Drnewsindia.com नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ग्राम पंचायत के सरपंच ने अपनी मांगों को लेकर पंचायत भवन में खुद को बंद कर लिया। सरपंच का आरोप है कि उन्होंने कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से बार-बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह मामला चीचली जनपद पंचायत अंतर्गत सीरेगांव ग्राम पंचायत का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार रात पंचायत भवन में खुद को बंद कर लिया। उनका कहना है कि बीते दो वर्षों से पंचायत के विकास कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
सरपंच का आरोप है कि उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर कई बार लिखित आवेदन दिए और जनसुनवाई में भी मुद्दा उठाया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वह कोई कठोर कदम उठा सकते हैं। इस संबंध में उन्होंने एक वीडियो संदेश भी जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरपंच महेंद्र कुशवाहा का कहना है कि पंचायत में निर्माण और विकास कार्य ठप पड़े हैं और प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासनिक अमला मामले की जानकारी जुटाने में लगा है और हालात पर नजर रखी जा रही है।




