राजगढ़ / में जल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने अनूठी पहल की है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रशासन ने टोंटी लगाओ अभियान शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य 24 घंटे जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पानी की बर्बादी रोकना है।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिले के वरिष्ठ अधिकारी 50 गांवों में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के नलों में टोंटी लगाई और जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अभियान में सीईओ जिला पंचायत महीप तेजस्वी, अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र सिंह दांगी, डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज और एसीईओ अर्पित गुप्ता शामिल रहे।
कलेक्टर मिश्रा ने ग्राम चांदपुर में ग्रामीणों को प्रोत्साहन दिया। उन्होंने कहा कि टोंटी लगाकर पानी बचाने पर गांव की टूटी सड़क को पक्का करवाया जाएगा। ग्रामीणों ने इस पर जल बचाने का वादा किया।
बच्चों को जल दूत बनाया
ग्राम बरखेड़ा में सीईओ महीप तेजस्वी ने एक नई पहल की। उन्होंने बच्चों को जल दूत बनाया। बच्चों को निर्देश दिया कि वे बड़ों को पानी बर्बाद करते देखें तो उन्हें समझाएं। इस तरह प्रशासन ने जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है।