Drnewsindia.com / 18 दिसंबर 2025
रायसेन / में गुरुवार को एक शातिर चोर को व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। यह चोर सागर रोड स्थित श्रीनाथ होलसेल किराना स्टोर में बीते कई दिनों से लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पकड़ में आने के बाद लोगों ने उसे कोतवाली थाने के हवाले कर दिया।
पेड़ के सहारे दुकान में घुसता था चोर
जानकारी के अनुसार, आरोपी दुकान के पीछे लगे एक पेड़ पर चढ़कर खिड़की तोड़ता और फिर अंदर घुसकर चोरी करता था। उसकी यह पूरी गतिविधि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे उसकी पहचान हो सकी।
दुकान खोलने पर सामने आई चोरी
दुकान संचालक सोनू महेश्वरी ने बताया कि जब उन्होंने सुबह दुकान खोली तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। काउंटर से नकदी और कुछ अन्य सामान भी गायब था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोर की करतूत साफ नजर आई।
बाइक छोड़कर भागा, लेकिन पकड़ाया
गुरुवार सुबह सोनू महेश्वरी ने उसी चोर को बाइक से जाते हुए पहचान लिया। जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगा।
इस दौरान सोनू महेश्वरी और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया। बाद में उसे सीधे कोतवाली थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में हो सकते हैं और खुलासे
थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि पकड़े गए चोर से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
चोरी हुए सामान का लगाया जाएगा आकलन
दुकान संचालक सोनू महेश्वरी का कहना है कि पुलिस से यह भी मांग की गई है कि आरोपी से यह जानकारी ली जाए कि उसने कितना सामान चुराया और उसे कहां या किन व्यापारियों को बेचा।
उन्होंने बताया कि दुकान में थोक किराने का सामान बड़ी मात्रा में रहता है, ऐसे में चोरी हुए माल का सही आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।




