सीहोर/14 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले आगामी रूद्राक्ष महोत्सव को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक देहात जोन, भोपाल श्री संजय तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीहोर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में महोत्सव के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इन व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान मार्ग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, रोड डायवर्जन प्लान, रेल–बस–ऑटो से श्रद्धालुओं की आवाजाही, एलईडी स्क्रीन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, अग्निशमन, विद्युत, पी.ए. सिस्टम, पुलिस बल की उपलब्धता तथा कुबरेश्वर धाम में प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
डायवर्जन मार्गों का किया निरीक्षण
बैठक के उपरांत आईजी श्री संजय तिवारी ने प्रभारी उप पुलिस महानिरीक्षक देहात रेंज श्री ओम प्रकाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों के साथ डायवर्जन मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान क्रिसेंट से भाऊखेड़ी, भाऊखेड़ी से धामंदा तथा अमलाहा कट प्वाइंट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कुबरेश्वर धाम परिसर का निरीक्षण
इसके पश्चात आईजी देहात जोन भोपाल ने कलेक्टर सीहोर श्री के. बाला गुरु, पुलिस अधीक्षक सीहोर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कुबरेश्वर धाम परिसर का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, कथा स्थल, अस्पताल, भोजनशाला सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों व मंदिर समिति के सदस्यों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी रहे उपस्थित
भ्रमण के दौरान कथावाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा एवं मंदिर समिति के सदस्यगण भी उपस्थित रहे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सुनीता रावत, एसडीएम सीहोर श्री तन्मय वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. अभिनंदना शर्मा, डीएसपी श्री हेमंत पांडे, रक्षित निरीक्षक सीहोर श्री उपेन्द्र यादव, थाना प्रभारी मंडी निरीक्षक श्री सुनील मेहर, प्रभारी यातायात सुबेदार श्री बृजमोहन धाकड़, यूएनआई रेडियो श्री प्रशांत कुमार, प्रभारी डीएसबी यूएनआई रेखा जोझा सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




